करनाल में मनोहर लाल ने की विकास परियोजनाओं की समीक्षा, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

करनाल | केंद्रीय ऊर्जा, आवास एवं शहरी कार्य मंत्री और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अपने संसदीय क्षेत्र करनाल के दो दिवसीय दौरे के दौरान विकास कार्यों, जनसेवा और संगठनात्मक गतिविधियों को प्राथमिकता दी. इस दौरान उन्होंने विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा की, अधिकारियों के साथ बैठकें कीं और जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, भाजपा कार्यकर्ताओं तथा स्थानीय नागरिकों से संवाद कर क्षेत्र के विकास और जनसमस्याओं पर विस्तार से चर्चा की.

Manohar Lal Khattar CM

मनोहर लाल ने कहा कि करनाल लोकसभा क्षेत्र का संतुलित, योजनाबद्ध और समग्र विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य तय समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं.

जनसंपर्क बढ़ाने की अपील

दौरे के दौरान केंद्रीय मंत्री ने कई सामाजिक, सार्वजनिक और संगठनात्मक कार्यक्रमों में भी हिस्सा लिया. उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और भरोसा दिलाया कि जनहित से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा. भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ हुई बैठक में उन्होंने संगठन को और मजबूत बनाने तथा केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को घर- घर तक पहुंचाने का आह्वान किया. उन्होंने कार्यकर्ताओं से हर वर्ग के लोगों के बीच सक्रिय रहकर सेवा और जनसंपर्क बढ़ाने की अपील की. करनाल लोकसभा क्षेत्र में आधुनिक आधारभूत ढांचे का विकास, बेहतर सड़क संपर्क, ऊर्जा क्षेत्र का विस्तार, शहरी सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है.

ये लोग रहे शामिल

उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास उनकी सबसे बड़ी ताकत है और इसी भरोसे के साथ वे करनाल के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार कार्य करते रहेंगे. उन्होंने दोहराया कि विकास परियोजनाओं की नियमित निगरानी की जाएगी, ताकि सभी योजनाओं का लाभ समय पर लोगों तक पहुंचे.

इस दौरान भाजपा हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता, राज्यसभा सांसद संजय भाटिया, करनाल विधायक जगमोहन आनंद सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.