हरियाणा में निकाय चुनावों के बीच कांग्रेस को तगड़ा झटका, कई बड़े नेताओं ने थामा BJP का दामन

करनाल | हरियाणा विधानसभा चुनाव में अप्रत्याशित हार झेलने वाली कांग्रेस पार्टी को निकाय चुनावों से पहले तगड़े झटके लगे हैं. करनाल जिले में कई बड़े कांग्रेसी नेताओं ने सीएम नायब सैनी की उपस्थिति में BJP का दामन थाम लिया है. इन नेताओं में पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और वर्तमान में मुख्यमंत्री नायब सैनी के खिलाफ विधानसभा चुनाव लड़ चुके सरदार त्रिलोचन सिंह, अशोक खुराना, प्रवेश गाबा सहित उनके टीम के सैकड़ों सदस्य भाजपा में शामिल हुए.

BJP Vs Congress INC

मिलेगा पूरा मान- सम्मान

इस अवसर पर सीएम नायब सैनी ने कहा कि सरदार त्रिलोचन सिंह लंबे समय से कांग्रेस पार्टी के लिए काम कर रहे थे, लेकिन उन्होंने देखा कि कांग्रेस पार्टी में भाई- भतीजावाद है. वह भ्रष्टाचारी पार्टी है, जिसके चलते उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों से प्रभावित होकर आज बीजेपी में शामिल हुए है. उन्होंने कहा कि उनके साथ उनकी पूरी टीम ने ज्वाइन किया है और हमारी पार्टी में इनका पूरा मान- सम्मान दिया जाएगा.

अब वो कांग्रेस नही रही: त्रिलोचन

बीजेपी ज्वाइन करने पर सरदार त्रिलोचन सिंह ने कहा कि मैं 1982 से कांग्रेस पार्टी से जुड़ा हुआ हूं, लेकिन अब वो कांग्रेस विचारधारा वाली कांग्रेस नहीं रही है. हरियाणा में कांग्रेस का वजूद खत्म होता दिखाई दे रहा है. पहले कार्यकर्ताओं की सुनवाई होती थी, उनके काम होते थे. हाल ही में विधानसभा चुनाव में एक कांग्रेस के वरिष्ठ नेता द्वारा मुझे धमकाया गया.

मुझे वो मान- सम्मान नहीं मिला: अशोक

मीडिया से बातचीत करते हुए अशोक खुराना ने बताया कि मैंने अपने जिंदगी के 34 साल कांग्रेस को दिए है. जो मान- सम्मान मुझे मिलना चाहिए था, वो नहीं मिला. निकाय चुनावों में मेयर पद की टिकट पार्टी से मांगी गई थी, लेकिन मुझे उम्मीदवार नही बनाया. मेरे साथ वादाखिलाफी हुई है. इसीलिए आज मैंने अपने कार्यकर्ताओं के साथ सीएम नायब सैनी की मौजूदगी में बीजेपी पार्टी ज्वाइन कर ली है.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.