करनाल शहर को मिलेगा ट्रैफिक जाम से छुटकारा, यहां पर बनेगा नया फ्लाईओवर

करनाल | हरियाणा की कर्ण नगरी करनाल शहर के लोगों के लिए बड़ी अच्छी खबर सामने आई है. ट्रैफिक जाम (Traffic Jam) से छुटकारा दिलाने के लिए शहर के बीचो- बीच 4 किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा, जिसपर 122 करोड़ रूपए की लागत राशि खर्च होगी. इस फ्लाईओवर का निर्माण शहर के लोगों के लिए किसी संजीवनी से कम नहीं होगा. लोगों को शहर की सबसे पुरानी और अति व्यस्त सड़कों पर ट्रैफिक जाम से निजात मिलेगी.

Flyover Highway

दो चरणों में बनेगा फ्लाईओवर

मिली जानकारी के अनुसार, फ्लाईओवर का निर्माण कार्य दो चरणों में पूरा किया जाएगा. पहले चरण में राजकीय पुस्कालय से शुरू होकर भगवान वाल्मीकि चौक, पुरानी सब्जी मंडी, मुगल कैनाल से होते हुए हरियाणा नर्सिंग होम तक 3 किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा. दूसरे चरण में 1 किलोमीटर लंबा वाल्मीकि चौक से शुरू होकर ओल्ड जीटी रोड यानि पुराना बस स्टैंड, कर्ण पार्क से होता हुआ डॉ. भीम राव अम्बेडकर चौक तक फ्लाईओवर बनेगा. भगवान वाल्मीकि चौक पर टी- प्वाइंट बनाया जाएगा.

हरियाणा की बीजेपी सरकार सूबे के चहुंमुखी विकास को लेकर प्रतिबद्ध है. शहर के लोगों को ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने के लिए नए फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा. बड़े स्तर पर लोगों को इसका फायदा पहुंचेगा. काफी हद तक शहर को ट्रैफिक जाम की स्थिति से निजात मिलेगी- जगमोहन आनंद, बीजेपी विधायक, करनाल

एक सप्ताह में शुरू होगा काम

हरियाणा अर्बन डेवलपमेंट ऑथोरिटी (HUDA) के एसई धर्मवीर ने बताया कि एक सप्ताह के भीतर फ्लाईओवर निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा. सेक्टर- 14 के नजदीक से फ्लाईओवर का मेन पिलर बनेगा. करीब 4 किलोमीटर लंबे इस फ्लाईओवर निर्माण कार्य पर 122 करोड़ रूपए की लागत राशि खर्च होगी.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.