करनाल | हरियाणा में किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. बता दें कि केंद्र की मोदी सरकार ने धान की फसल के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की घोषणा कर दी है, जिसके बाद सूबे के किसानों को सामान्य धान के लिए 2369 रुपए प्रति क्विंटल और ग्रेड A धान के लिए 2389 रुपए प्रति क्विंटल का सरकारी भाव यानी MSP मिलेगी. यह भाव पिछले साल के मुकाबले 69 रुपए ज्यादा हैं.
23 सितंबर से धान खरीद की संभावना
दूसरी ओर अभी तक धान की सरकारी खरीद शुरू नहीं होने पर किसानों में रोष बना हुआ है. खासकर कैथल और करनाल जिले में किसानों ने धान की सरकारी खरीद जल्द शुरू करवाने की मांग की है. किसानों की इस मांग को देखते हुए तीन दिन पहले ही सीएम नायब सैनी ने दिल्ली में केंद्रीय खाद्य आपूर्ति मंत्री प्रह्लाद जोशी से मुलाकात की हैं.
सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार, इस मुलाकात के दौरान धान खरीद से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा हुई है, जिसके बाद अब 23 सितंबर से धान की सरकारी खरीद शुरू होने की संभावना जताई जा रही है. राज्य में इस सीजन लगभग 84 लाख मीट्रिक टन धान की आवक आने की उम्मीद है.
राइस मिलरों को करना होगा यह काम
बता दें कि सूबे की नायब सैनी सरकार नई मिलिंग पॉलिसी 2025-26 को पहले ही मंजूरी दे चुकी है, जिसके तहत राइस मिलरों को अब रजिस्ट्रेशन करवाना अनिवार्य किया गया है. यह व्यवस्था धान के सुचारू उठान के लिए की गई है. इस पॉलिसी के अन्तर्गत यदि ठेकेदार समय पर धान का उठान नहीं करता है तो राइस मिलर धान उठा लेंगे. इसपर जो भी खर्चा आएगा, वो हरियाणा सरकार वहन करेगी.
अभी तक कस्टम मिलर राइस (CMR) की कीमतें तय नहीं की गई है. प्रदेश सरकार के एक अधिकारी ने बताया कि CMR की कीमतें केंद्र सरकार से प्राप्त नहीं हुई है. जैसे ही प्राप्त होती है, इसे प्रसारित कर दिया जाएगा.
