करनाल | लोगों को शहरों की भीड़- भाड़ भरी सड़कों के ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने की दिशा में हरियाणा सरकार निरंतर नए प्रयास कर रही है. इसी कड़ी में करनाल जिलावासियों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां NH- 44 से जुड़ने वाले निर्माणधीन ग्रीनफील्ड रिंग रोड पर जोरो- शोरों से काम चल रहा है.
साढ़े 34 किलोमीटर लंबे इस रिंग रोड के निर्माण पर 1700 करोड़ रुपए की धनराशि खर्च होगी. 23 गांवों से होकर गुजरने वाला यह सिक्स लेन रिंग रोड शहर के अंदर लगने वाले ट्रैफिक जाम को खत्म करने में बड़ी भूमिका अदा करेगा. इसी साल दीवाली पर जिले के लोगों को इस प्रोजेक्ट की सौगात मिलने की पूरी उम्मीद जताई जा रही है.
यह रहेगा पूरा रूट
यह रिंग रोड करनाल के पश्चिम में शामगढ़ गांव के पास विवान होटल के आसपास से शुरू होकर दरड़, नेवल, शेखपुरा और गंजोगढ़ी होते हुए कुटेल गांव के पास प्रस्तावित टोल प्लाजा तक पहुंचेगा. रिंग रोड की दूसरी अलाइनमेंट नेशनल हाइवे से गुजरती पश्चिमी यमुना नहर की पटरी पर बनी सड़क से जुड़ेगी, जो कैथल रोड को क्रॉस करती हुई आगे बड़ौता गांव तक जाएगी. इसके बाद यह खरकाली और झिमरहेड़ी से होते हुए NH- 44 को क्रॉस कर मुख्य रिंग रोड से जुड़ेगी. इस तरह यह मेरठ रोड, कुंजपुरा रोड और इंद्री रोड को भी आपस में जोड़ेगा.
इस रिंग रोड के बनने से NH- 44 से ट्रैफिक दबाव कम करने में मदद मिलेगी. अभी दिल्ली, पंजाब और उत्तर प्रदेश की ओर जाने वाले भारी वाहनों को शहर की सड़कों से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती है. रिंग रोड शुरू होने पर इन वाहनों को शहर के भीतर एंट्री करने से छुटकारा मिलेगा.
लॉजिस्टिक पार्क से बढ़ेगा व्यापार
इस रिंग रोड प्रोजेक्ट के तहत गंजोगढ़ी गांव के पास करीब 50 हेक्टेयर भूमि पर एक लॉजिस्टिक पार्क विकसित करने का प्रस्ताव है. यहां मैकेनाइज्ड वेयरहाउस और कोल्ड स्टोर बनाए जाएंगे. इससे कृषि उत्पादों और औद्योगिक सामान के भंडारण व परिवहन में सुविधा मिलेगी. स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे.
रिंग रोड प्रोजेक्ट की जानकारी देते हुए विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर सिंह कल्याण ने बताया कि रिंग रोड के निर्माण कार्य को निर्धारित समयावधि में पूरा कर लिया जाएगा. इसके शुरू होने पर कुटेल मेडिकल यूनिवर्सिटी का काम भी संचालित हो जाएगा. जब मेडिकल यूनिवर्सिटी संचालित होगी तो दूरदराज से लोग यहां इलाज करवाने पहुंचेंगे तो लोगों के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे.
करनाल के लिए यह रिंग रोड बड़ी सुविधा प्रदान करेगा. इससे न केवल ट्रैफिक संचालन बेहतर होगा बल्कि क्षेत्रीय आर्थिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा.
