हर्ष एनकाउंटर पर फूटा रोड समाज का गुस्सा, 24 अगस्त को करनाल में निकलेगा विशाल प्रदर्शन

करनाल | हर्ष एनकाउंटर मामले में न्याय की मांग को लेकर रोड समाज ने एक बार फिर आंदोलन का ऐलान किया है. रोड महासभा भवन में हुई पंचायत में मुख्यमंत्री की ओर से 16 अगस्त तक दिए गए समय के बावजूद 18 अगस्त तक कोई अपडेट नहीं मिलने पर समाज ने नाराजगी जताई. पंचायत में फैसला लिया गया कि 24 अगस्त को रोड धर्मशाला से जिला सचिवालय तक विशाल प्रदर्शन निकाला जाएगा. इस दौरान डीसी आनंद शर्मा को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा.

Harsh Encounter

पंचायत में मामले को लेकर आगे की रणनीति तय करने के लिए एक कमेटी गठित करने का निर्णय लिया गया. यह कमेटी हर्ष को न्याय दिलाने के लिए आगामी आंदोलन और कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करेगी. समाज के लोगों ने कहा कि जरूरत पड़ने पर वे न्याय की मांग को लेकर सड़कों पर उतरेंगे. प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहेगा.

16 अगस्त तक मांगा था समय

महासभा प्रधान बलकार सिंह ने बताया कि हर्ष एनकाउंटर मामले में रोड समाज लगातार न्याय की मांग कर रहा है. समाज के कुछ लोग चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री से मिले थे. उस दौरान मुख्यमंत्री ने 16 अगस्त तक का समय लेते हुए मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया था. अब 18 अगस्त बीत चुकी है, लेकिन सरकार की ओर से कोई जानकारी या अपडेट नहीं दिया गया.

बलकार सिंह ने बताया कि समाज की प्रमुख मांगों में करनाल विधायक जगमोहन आनंद के तीन बयानों पर कार्रवाई करना शामिल है. समाज का आरोप है कि एक जनप्रतिनिधि को इस तरह के बयान नहीं देने चाहिए थे. मामले से जुड़े अधिकारियों को निलंबित कर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की जा रही है.

3 प्रमुख मांगों पर अड़ा समाज

समाज की तीसरी प्रमुख मांग हर्ष एनकाउंटर मामले की जांच सीबीआई या सीटिंग जज से कराने की है. बलकार सिंह ने कहा कि विधानसभा स्पीकर हरविंद्र कल्याण और विधायक सतपाल जांबा ने समाज को आश्वासन दिया था, लेकिन अभी तक उसका कोई परिणाम सामने नहीं आया. उन्होंने कहा कि यदि मांगें पूरी नहीं हुईं तो कमेटी आगे सरकार के खिलाफ बड़ा निर्णय ले सकती है. फिलहाल, 24 अगस्त के प्रदर्शन को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.