महिलाओं को 2100 रुपये देने की योजना पर सस्पेंस खत्म? सीएम नायब सिंह सैनी ने बताया कब आएंगे खातों में रूपए

करनाल | हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दावा किया कि दिल्ली चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) प्रचंड जीत दर्ज करेगी. उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता अब पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के झूठे वादों के झांसे में आने वाली नहीं है. राज्य में महिलाओं को 2,100 रुपये देने की योजना को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि सरकार के 100 दिन पूरे होने के बाद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी, जिसमें इस अवधि में किए गए कार्यों का पूरा ब्यौरा दिया जाएगा.

Nayab Singh Saini

बीजेपी ने गरीबों के लिए किया काम- CM सैनी

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है. डीसी और एसपी को निर्देश दिए गए हैं कि वे जनता के कार्यों को प्राथमिकता दें. समाधान शिविरों में लोग अपनी शिकायतें लेकर आ सकते हैं और सीधे डीसी व एसपी से मिलकर समाधान पा सकते हैं. हरियाणा पुलिस अकादमी, मधुबन में प्रदेश के सभी डीसी और एसपी के साथ बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने मीडिया से बातचीत में कहा कि दिल्ली में भाजपा की सरकार बनने जा रही है. उन्होंने कहा कि जहां भी भाजपा की सरकार है, वहां गरीबों के लिए काम किए गए हैं.

केजरीवाल पर बोला हमला

सीएम नायब सैनी ने कहा कि 2014 में केजरीवाल जिस पोल पर चढ़े थे, वह आज भी वहीं खड़ा है, लेकिन वे बिजली के तारों का जंजाल हटवा नहीं पाए. उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने यमुना को स्वच्छ करने का वादा किया था, लेकिन नदी में और गंदा पानी डाल दिया गया. एनजीटी ने भी दिल्ली सरकार की कड़ी आलोचना की थी. मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि ईमानदारी की बात करने वाले का पूरा मंत्रिमंडल भ्रष्टाचार के कारण जेल चला गया था.

Avatar of Nisha Tanwar
Nisha Tanwar
View all posts