करनाल के इस टोल प्लाजा पर लंबी लाइनों से मिलेगा छुटकारा, नई व्यवस्था से ऑटोमैटिक होगी वसूली

करनाल | हरियाणा के करनाल जिले से वाहन चालकों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां नेशनल हाईवे पर स्थित बसताड़ा टोल प्लाजा पर अब टोल टैक्स का भुगतान करने के लिए वाहनों को ब्रेक लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी. यहां टोल संग्रह प्रणाली में बड़ा बदलाव करते हुए मल्टी लेन फ्री फ्लो सिस्टम लागू कर दिया गया है जिसके चलते चलती गाड़ियों से टोल टैक्स अपने आप ही कट जाएगा.

Toll Tax Plaza

करनाल में लंबी लाइनों से मिलेगा छुटकारा

हरियाणा सहित गुजरात में टोल टैक्स की इस नई व्यवस्था का ट्रायल शुरू हो चुका है. करनाल में नेशनल हाईवे पर स्थित बसताड़ा टोल प्लाजा पर मल्टी लेन फ्री फ्लो सिस्टम लागू किया गया है और इसके लिए टोल प्लाजा और टोल बैरियर हटाए गए हैं. इस सिस्टम के लागू होने के बाद गाडियां बिना किसी रूकावट के हाइवे से गुजर सकेगी और टोल टैक्स का भुगतान ऑटोमैटिक तरीके से हो जाएगा.

मल्टी लेन फ्री फ्लो सिस्टम के तहत सड़क मार्ग के ऊपर मॉडर्न तकनीक से लैस ओवरहेड सिस्टम लगाए गए हैं. इनमें Fastag सैंसर, नंबर प्लेट रीडर कैमरे, लेजर कैमरे और वीडियो रिकॉर्डिंग शामिल हैं. सड़क की दोनों साइड करीब 50 मीटर की दूरी पर ऐसे चार ओवरहेड सिस्टम लगाए गए हैं ताकि किसी भी गाड़ी की पहचान में चूक न हो.

ऐसे कटेगा टोल टैक्स

जब कोई गाड़ी हाइवे पर इन ओवरहेड सिस्टम के नीचे से गुजरेगी तो RF तकनीक के जरिए सिस्टम Fastag को रीड करेगा. साथ ही NPR कैमरे गाड़ी की नंबर प्लेट रीड कर गाड़ी के नंबर की पहचान करेंगे जिसके बाद Fastag से टोल टैक्स अपने आप कट जाएगा. गाड़ी चालक को ब्रेक लगाने या लाइन में खड़े होने की जरूरत नहीं पड़ेगी. इस सिस्टम में लगे कैमरे गाड़ियों की रफ्तार भी रिकॉर्ड करेंगे. यदि कोई गाड़ी निर्धारित गति से ज्यादा सफर कर रही है तो 50 मीटर आगे लगे दूसरे सिस्टम से उसका टोल कटेगा और ट्रैफिक नियमों को तोड़ने पर उसका चालान भी कट जाएगा.

इस नई व्यवस्था के जरिए 100% वाहनों से टोल वसूली का दावा किया जा रहा है. टोल प्रबंधन अधिकारी ने बताया कि इससे टोल टैक्स चोरी पर अंकुश लगेगा और ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात मिलेगी. साथ ही, गाड़ी चालकों के समय में बचत देखने को मिलेगी क्योंकि उन्हें टोल टैक्स भुगतान के लिए लंबी लाइन में खड़े होकर इंतजार नहीं करना पड़ेगा.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.