करनाल | हरियाणा के करनाल जिले में इस बार होली का कुछ अलग रंग ही देखने को मिला. बता दें कि गोबिंद कॉलोनी स्थित मां झंडेवाली मंदिर में श्रद्धालुओं ने पारंपरिक रंग- गुलाल की बजाय लड्डुओं से होली खेलकर एक अनूठी परंपरा निभाई. इस दौरान मंदिर में आयोजित ‘लड्डू होली महोत्सव’ में भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला.
होली महोत्सव
इस अद्भुत उत्सव का दृश्य बेहद भव्य और सौंदर्य भरा था. उत्सव की खास बात यह रही कि लोग न केवल लड्डू एक- दूसरे के ऊपर लगा रहे थे बल्कि प्रेम पूर्वक एक- दूसरे को खिला भी रहे थे. इस कार्यक्रम के दौरान पूरा वातावरण राधा- कृष्ण के भजनों और भक्ति से गूंज उठा. लड्डुओं और फूलों की वर्षा के साथ यह कार्यक्रम शाम तक चला. इस महोत्सव ने यह साबित कर दिया कि होली सिर्फ रंगो का नही बल्कि रिश्तों में मिठास घोलने और आपसी प्रेम बढ़ाने का पर्व है.
धुन पर झूमे श्रद्धालु
इस कार्यक्रम में भजन संध्या का भी आयोजन किया गया, जिनमें कलाकारों ने होली और देवी मां की महिमा से जुड़े भजनों को गाया. इसके साथ ही, ढोल और संगीत की धुन पर श्रद्धालु झूमते हुए नजर आए. महिलाओं के साथ- साथ बच्चों और बुजुर्गों ने भी इस कार्यक्रम में भाग लिया. कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं को प्रसाद भी बांटा गया. करनाल में आयोजित यह अनोखी लड्डू होली न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बनी बल्कि इसने आपसी प्रेम और एकता का संदेश भी दिया.
