कुरुक्षेत्र | केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह (Amit Shah) कल यानी 3 अक्टूबर को धर्मनगरी से हरियाणा को 825 करोड़ रुपए की लागत वाली 19 परियोजनाओं की सौगात देंगे. इन परियोजनाओं में स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, पुलिस लाइन और जेल भवन से जुड़ी कई योजनाएं शामिल हैं. बता दें कि मंत्री इनका उद्घाटन और शिलान्यास एक ही मंच से करेंगे.
5 नर्सिंग कॉलेजों का उद्घाटन
अमित शाह 262 करोड़ 51 लाख रुपए की लागत से बने 5 नर्सिंग कॉलेजों का उद्घाटन करेंगे. इनमें कुरुक्षेत्र के खेड़ी रामनगर, कैथल के धेरडू, पंचकूला के खेडावाली, फरीदाबाद के दयालपुर और अरुआ गांवों में बने कॉलेज शामिल हैं. इनकी कुल लागत करीब 220 करोड़ रुपए से ज्यादा है. इसके अलावा, 12 करोड़ रुपए से दिल्ली- हिसार रोड पर जेएलएन फिडर और बीएसबी नहर पर दो लेन का पुल भी जनता को समर्पित किया जाएगा, जिससे उन्हें राहत मिलेगी.
विश्राम गृह जनता को देंगे
कार्यक्रम में जींद पुलिस लाइन में बने 84 आवासों का भी उद्घाटन होगा. इनमें टाइप- 2 के 42, टाइप- 3 के 36 और टाइप- 2 श्रेणी के 6 मकान शामिल हैं. साथ ही, महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल में बने पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह और ब्लॉक कार्यालय का भी लोकार्पण किया जाएगा. वहीं, करनाल के असंध में 76 करोड़ रुपए से 100 बिस्तरों वाला अस्पताल बनेगा. सोनीपत में 138 करोड़ रुपए से मातृ एवं शिशु ब्लॉक अस्पताल और नूंह में 33 करोड़ रुपए से मातृ एवं शिशु ब्लॉक अस्पताल का निर्माण किया जाएगा. इसके अलावा, करनाल, सोनीपत और नूंह में करीब 66 करोड़ रुपए की लागत से क्रिटिकल केयर ब्लॉक भी स्थापित किए जाएंगे.
जेल भवनों का शिलान्यास
अमित शाह 25 करोड़ रुपए से रोहतक की खरखौदा-दिल्ली बॉर्डर सड़क का शिलान्यास करेंगे. साथ ही, 13 करोड़ 88 लाख से रोहतक के कंहेली रोड पर डेयरी कॉम्पलेक्स, 97 करोड़ रुपए से चरखी दादरी जिला जेल और 86 करोड़ रुपए से पंचकूला जिला जेल भवन का निर्माण भी शुरू होगा.
केंद्रीय गृह मंत्री के कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं. उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा, बुनियादी ढांचे और कानून- व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी- विश्राम कुमार मीणा, जिला उपायुक्त
