कुरुक्षेत्र | हरियाणा सरकार ने 10वें अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का शेड्यूल जारी कर दिया है. 15 नवंबर से 6 दिसंबर तक यानि पूरे 21 दिन गीता महोत्सव का आयोजन होगा. मुख्यमंत्री नायब सैनी ने बताया कि इस बार गीत महोत्सव में मध्यप्रदेश सहयोगी राज्य की भूमिका में नजर आएगा जबकि अंतराष्ट्रीय संगोष्ठी में 16 देशों के लोग शिरकत करेंगे.
प्रधानमंत्री आएंगे हरियाणा
सीएम नायब सैनी ने बताया कि इस निर्धारित समयावधि में रोजाना ब्रह्म सरोवर पर भव्य गीता महाआरती की जाएगी. विभिन्न भाषाओं में श्रीमद्भागवत कथा की प्रदर्शनी लगाई जाएगी. 1 दिसंबर तक गीता पुस्तक मेला आयोजित होगा और बलराम कुश्ती दंगल आयोजित किया जाएगा. 25 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कुरूक्षेत्र गीता महोत्सव में शामिल होंगे.
उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव की शुरुआत से पहले ही कई कार्यक्रमों का आगाज हो जायेगा. इसमें 4- 14 नवंबर तक ऑनलाइन गीता क्विज, 15 नवंबर को गीता रन और 15 नवंबर से 5 दिसंबर तक शिल्प और सरस मेला चलेगा. प्रतिदिन शाम को पुरुषोत्तमपुरा बाग में भजन संध्या और महाआरती का आयोजन किया जाएगा.
बढ़ेगी महोत्सव की रौनक
24 नवंबर को गीता यज्ञ, गीता पूजन, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में अंतर्राष्ट्रीय गीता सेमिनार, सर्वधर्म सम्मेलन, ज्योतिसर व सन्निहित सरोवर पर श्रीमद् भगवद गीता और पुरुषोत्तमपुरा बाग में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.
पूरा शेड्यूल
- 25 नवंबर को विश्वविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय गीता सेमिनार, ज्योतिसर व सन्निहित सरोवर पर कथा तथा पुरुषोत्तमपुरा बाग में सांस्कृतिक कार्यक्रम.
- 26 नवंबर को अंतरराष्ट्रीय गीता सेमिनार का समापन व पुरुषोत्तमपुरा बाग में सांस्कृतिक कार्यक्रम.
- 27 नवंबर को पुरुषोत्तमपुरा बाग में सांस्कृतिक कार्यक्रम.
- 28- 30 नवंबर को शिक्षा विभाग की तरफ से गीता श्लोकोच्चारण, वाद विवाद, निबंध लेखन, पेंटिंग, रंगोली, मेहंदी सहित अन्य प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएगी.
- 1 दिसंबर को सुबह 9 बजे ज्योतिसर में गीता पाठ और यज्ञ, थीम पार्क में वैश्विक गीता पाठ, विश्वविद्यालय में 48 कोस तीर्थ सम्मेलन, शाम साढ़े 5 बजे सन्निहित सरोवर पर दीपोत्सव, 6 बजे ब्रह्मसरोवर पर दीपदान व आरती तथा पुरुषोत्तमपुरा बाग में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा.
