कुरूक्षेत्र | हरियाणा में महिलाओं के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. मुख्यमंत्री नायब सैनी ने धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में बड़ी घोषणा करते हुए भारतीय जनता पार्टी (BJP) के संकल्प पत्र के मुताबिक 2100 रुपए महिलाओं के बैंक अकाउंट में भेजने की बिल्कुल सही तारीख बता दी है. यानि 2100 रुपए प्रति महीना मिलने का इंतजार कर रही महिलाओं को बहुत जल्द यह सौगात मिलने जा रही है.
महिलाओं को मिलेंगे 2100 रुपए
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी सरकार ने हरियाणा की महिलाओं को चुनाव जीतने के बाद 2100 रुपए देने का संकल्प लिया था, जिसके लिए पहले बजट में हमारी सरकार ने 5 हजार करोड़ रुपए का प्रावधान भी कर दिया है. उन्होंने बताया कि योजना के क्रियान्वयन के प्रारुप को तैयार कर लिया गया है और हरियाणा लाडो लक्ष्मी योजना के तहत पात्र महिलाओं को 2100 रुपए देने की तैयारी है. जैसे ही हमारा दूसरा बजट आएगा, महिलाओं को 2100 रुपए मिलने शुरू हो जाएंगे.
क्या हैं लाडो लक्ष्मी योजना?
इस योजना के तहत, पहले चरण में ऐसी सभी महिलाओं को 2100 रुपये प्रति महीना प्रदान किए जाएंगे, जिनकी पति-पत्नी की वार्षिक आय मिलाकर 3 लाख रुपये तक है. यह महिलाएं ऐसी हैं, जो राज्य में किसी तरह की पेंशन प्राप्त नहीं कर रही हैं. ऐसी महिलाओं की संख्या का आंकड़ा लगभग साढ़े 45 लाख हैं. जिनकी आयु 23- 60 साल के बीच में हैं.
पंजाब सरकार पर साधा निशाना
सीएम नायब सैनी ने पंजाब में मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यहां पर महिलाओं को प्रति माह 1500 देने की घोषणा की गई थी लेकिन आम आदमी पार्टी की सरकार ने अभी तक अपने इस चुनावी वादे को पूरा नहीं किया है. उन्होंने पंजाब की जनता खासकर महिलाओं से धोखा किया है. आने वाले चुनाव में पंजाब की जनता उन्हें सबक सिखाने का काम करेगी. पंजाब में आम आदमी पार्टी अब ज्यादा दिन की मेहमान नहीं है. लोग उन्हें सत्ता से बाहर करने को उत्सुक नजर आ रहे हैं.
