महेंद्रगढ़ | हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले (Mahendragarh District) में स्थित मोदाश्रम मंदिर परिसर के नवनिर्माण का कार्य शुरू कर दिया गया है. इस दौरान साधु- संतों ने यहां विधिवत भूमि पूजन किया. बताया जाता है कि यह मंदिर 200 साल पुराना है. इसके नव निर्माण में 4 करोड़ रुपए का खर्चा आएगा. इस मंदिर को 90 फीट लंबा और 63 फीट चौड़ा बनाया जाएगा.
साल में दो बार लगता है मेला
इस विषय में जानकारी देते हुए मंदिर समिति प्रधान सुधीर ने बताया कि शहर के ही निवासी गुलाब राय लोहिया द्वारा इसकी शुरुआत की गई थी. यहां हर साल दो बार शिवरात्रि पर मेला लगाया जाता है. वर्तमान में यह काफी पुराना हो गया है और यहां दिन- ब- दिन श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती जा रही है. ऐसे में यह फैसला लिया गया कि इस मंदिर का विनिर्माण करवा कर इसे बड़ा किया जाए. इसी के प्रारूप के लिए भूमि पूजन किया गया है.
बनाने में 2 साल का लगेगा समय
इसे बनाने के लिए लगभग 2 साल का समय लगेगा. इस पर 4 करोड़ रुपए का खर्चा आएगा. भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान संतों द्वारा भजन- कीर्तन का आयोजन किया गया. हर हर महादेव के जयघोष के साथ मंदिर की नींव पूजन किया गया. इससे वातावरण भक्तिमय हो गया. सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद भी वितरित किया गया.
मंदिर कमेटी के प्रधान ने जानकारी दी कि आने वाली शिवरात्रि तक मंदिर के प्रथम चरण का कार्य पूरा करवाने का प्रयास रहेगा. बताते चलें कि समिति द्वारा 2 एकड़ की जमीन पर शिव पार्क विकसित किया जा रहा है, जहां 51 फीट ऊंची भगवान शंकर की विशाल प्रतिमा लगाई गई है.
