महेंद्रगढ़ | हरियाणा के महेंद्रगढ़ से एक ऐसी कहानी सामने आई है, जिसने राजनीति में आम आदमी की भागीदारी को नई दिशा दी है. आइसक्रीम रेहड़ी चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करने वाले 52 वर्षीय मुकेश कुमार को भाजपा ने नगर पालिका महेंद्रगढ़ का मनोनीत पार्षद बनाया है. यह सिर्फ एक पद नहीं, बल्कि पार्टी की ओर से एक जमीनी कार्यकर्ता के समर्पण को मिली बड़ी पहचान है.
मोदी के नाम से प्रचलित
मुकेश को लोग ‘मोदी’ नाम से भी जानते हैं. बता दें कि यह नाम उन्होंने अपनी ईमानदारी, सेवा और समाजसेवा के जरिए कमाया है. दरअसल, वह पिछले 33 सालों से भाजपा से जुड़े हुए हैं और संगठन के हर छोटे-बड़े काम में पूरी लगन से सक्रिय रहे हैं. राजनीति में अपने करियर की शुरुआत उन्होंने साल 1992 में की थी, जब उन्होंने बिना किसी पद के पार्टी के लिए काम करना शुरू किया. बाद में उन्हें नगर मंडल उपाध्यक्ष, जनसंपर्क अभियान प्रमुख, बूथ प्रमुख और अब शक्ति केंद्र प्रमुख जैसे दायित्व सौंपे गए.
लगाते हैं आइसक्रीम की रेहड़ी
सिर्फ पार्टी ही नहीं, समाजसेवा में भी उनका अहम योगदान रहा है. वह खटीक समाज और दुर्लभनाथ सेवा समिति के प्रधान के रूप में भी काम कर चुके हैं. इन सभी जिम्मेदारियों को निभाने के बाद भी उन्होंने अपनी जीने का तरीका नहीं बदला. आज भी वह आइसक्रीम की रेहड़ी लगाते हैं. उनका यही काम और समर्पण उन्हें आम जनता के करीब लाता है.
मुकेश ने कही ये बात
भाजपा द्वारा उन्हें मनोनीत पार्षद बनाए जाने के बाद पार्टी के भीतर और समाज में खासा उत्साह देखा गया है. कार्यकर्ताओं का मानना है कि यह निर्णय उन सभी जमीनी कार्यकर्ताओं के लिए एक अच्छा संदेश है, जो बिना किसी स्वार्थ के संगठन के लिए काम करते हैं. वहीं, मुकेश कुमार का कहना है कि मेरे लिए यह सम्मान की बात है. मैंने कभी किसी पद की इच्छा नहीं की, बस सेवा की भावना से जुड़ा रहा. अब जब पार्टी ने मुझ पर भरोसा जताया है, तो मेरी प्राथमिकता जनता की उम्मीदों पर खरा उतरना है.
