महेंद्रगढ़ | सितंबर के आखिरी दिनों और अक्टूबर की शुरुआत में ट्रेन से सफर करने वाले महेंद्रगढ़ के यात्रियों को अपनी ट्रेन का रूट जांचकर घर से निकलना होगा. जिले से गुजरने वाली भगत की कोठी- कामाख्या एक्सप्रेस और कामाख्या- भगत की कोठी एक्सप्रेस अलग- अलग तारीखों पर बदले हुए रास्ते से चलाई जाएंगी. इसके कारण कई प्रमुख स्टेशनों पर इन ट्रेनों का ठहराव भी नहीं होगा.
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुताबिक पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर और सोनपुर मंडल में तकनीकी कार्य के कारण यह बदलाव किया गया है. राजेन्द्रपुल, हाथीदह अपर टॉल जंक्शन, रामपुर डुमरा और दिनकर ग्राम सिमरिया स्टेशनों पर काम चल रहा है.
बदलेगा 15623 का रास्ता
ट्रेन संख्या 15623 भगत की कोठी-कामाख्या एक्सप्रेस 22 सितंबर को भगत की कोठी से रवाना होने के बाद दानापुर-पाटलीपुत्र-शाहपुर पटोरी-बरौनी के रास्ते चलेगी. इस बदलाव के कारण ट्रेन पटना स्टेशन नहीं जाएगी. इसी ट्रेन की 29 सितंबर की सेवा भी अपने निर्धारित मार्ग से नहीं चलेगी. इसे वाराणसी-छपरा-शाहपुर पटोरी के परिवर्तित मार्ग से संचालित किया जाएगा. इस दिन भी पटना स्टेशन पर इसका ठहराव नहीं रहेगा.
कई ठहराव छोड़ेगी
ट्रेन संख्या 15624 कामाख्या-भगत की कोठी एक्सप्रेस की 25 सितंबर और 2 अक्टूबर की यात्रा प्रभावित रहेगी. दोनों दिन ट्रेन बरौनी- शाहपुर पटोरी- छपरा- वाराणसी के रास्ते चलाई जाएगी. मार्ग बदलने के कारण यह ट्रेन पटना, आरा, बक्सर, गहमर, ईस्ट आउटर केबिन और पं. दीनदयाल उपाध्याय स्टेशनों पर नहीं रुकेगी. साथ ही, रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि इन तारीखों में सफर करने से पहले ट्रेन का रूट और संचालन स्थिति जरूर जांच लें.
