महेंद्रगढ़ | हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल से एक बड़ी खबर सामने आई है. बता दें कि शहर में 13 साल बाद आटो के किराए में 10 रूपए की बढ़ोतरी हुई है. आटो चालकों ने बैठक कर सर्वसहमति से यह फैसला लिया है. इस बढ़ोतरी के बाद किराया बढ़कर 20 रूपए हो गया है.
इस वजह से लिया फैसला
आटो चालकों ने बताया कि पेट्रोल- डीजल और सीएनजी की कीमतों में बढ़ोतरी के चलते यह फैसला लिया गया है. आज से 10 साल पहले पेट्रोल और डीजल की जो कीमतें थी, उनमें अब तक करीब 40% की बढ़ोतरी हो चुकी है. ऐसे में 10 रूपए किराए में बचत निकालना काफी मुश्किल काम हो गया था. 10 रुपए किराए में आटो चालकों को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा था, जिसके बाद किराया बढ़ोतरी का फैसला लिया गया है.
कहां से कहां तक लिए जाएंगे 20 रुपये
आटो चालकों ने बताया कि शहरी क्षेत्र में संचालित होने वाले आटो के किराए में वृद्धि की गई है. उन्होंने बताया कि अब बस स्टैंड से महावीर चौक, होंडा चौक, सैनी धर्म कांटा, सुभाष स्टेडियम, मेहता चौक, किला रोड, गर्ल कॉलेज, सरकारी अस्पताल, पुलिस लाइन, बहादुर सिंह तालाब तक किराए के रूप में 20 रूपए चुकाने होंगे. हालांकि, रेलवे स्टेशन तक पहले ही 20 रूपए किराया वसूल किया जा रहा है.
आटो चालकों की प्रतिक्रिया
बस स्टैंड से चलकर वापस बस स्टैंड आने तक औसतन 5- 7 सवारियां एक चक्कर में मिलती है. ऐसे में पूरे दिन चक्कर लगाने के बाद भी खर्च निकालना मुश्किल हो रहा था. 10 रूपए किराए में पेट्रोल- डीजल का खर्च निकालने के बाद बहुत कम बचत निकल पा रही थी. इससे रोजी- रोटी कमाना मुश्किल हो गया था. इसलिए आटो किराए में बढ़ोतरी की गई है.
