महेंद्रगढ़ | हरियाणा दानियों की भूमि रही है. यहां कई दानी हुए हैं जिन्होंने इतिहास में अपना नाम दर्ज करवाया. ऐसे ही एक व्यक्ति महेंद्रगढ़ के मांडोला निवासी बलबीर शर्मा हैं, जिन्होंने बाबा केसरिया कमेटी को अपनी 3000 वर्ग गज भूमि धर्मशाला निर्माण के लिए दान में देने की घोषणा की है. गांव में लगने वाले वार्षिक मेले के दौरान यह भूमि विधिवत रूप से कमेटी को सौंपी जाएगी.
बाबा केसरिया मेले में होगा भूमि दान का कार्यक्रम
इस बारे में जानकारी देते हुए बलबीर शर्मा ‘क्रांतिकारी’ ने बताया कि आगामी 14 और 15 अगस्त को आयोजित बाबा केसरिया के वार्षिक मेले के दौरान वह अपनी निजी संपत्ति से 3000 वर्ग गज भूमि कमेटी को सौंपेंगे. उन्होंने बताया कि यह भूमि बाबा केसरिया धर्मशाला की स्थायी नींव रखने के उद्देश्य से दी जा रही है. बलबीर शर्मा ने कहा कि उनके परिवार को जो कुछ भी प्राप्त हुआ है, वह बाबा केसरिया की कृपा और आशीर्वाद से ही मिला है.
गांव में खुशी और आस्था का माहौल
उन्होंने कहा कि धर्म और समाज की सेवा का यह सौभाग्य उनके लिए गर्व की बात है. आगामी मेले में भूमि दान का कार्य जन समूह की उपस्थिति में विधिवत रूप से किया जाएगा. इस घोषणा के बाद गांववासियों और श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है. आसपास के क्षेत्रों में बलबीर शर्मा और उनके परिवार की प्रशंसा की जा रही है.
