महेंद्रगढ़ | हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 17 सितंबर को महेंद्रगढ़ पहुंचेंगे. यहां खेल स्टेडियम में भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें CM मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे. कार्यक्रम के दौरान कई महत्वपूर्ण योजनाओं और अभियानों की शुरुआत की जाएगी. सीएम सेवा संकल्प अभियान- 2026 के तहत ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम में वीर गाथा और सैन्य सम्मान की शुरुआत करेंगे.
इसी मंच से दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना की आय सीमा का विस्तार भी किया जाएगा. इसके अलावा, मुख्यमंत्री कैंची चौक पहुंचकर महाराजा शूर सैनी की प्रतिमा का अनावरण करेंगे.
DC ने तैयारियों का लिया जायजा
कार्यक्रम से पहले सोमवार को उपायुक्त अनुपमा अंजली और पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार ने खेल स्टेडियम पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया. उपायुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को कार्यक्रम में आने वाले लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि गर्मी को देखते हुए पंडाल में पर्याप्त पीने के पानी की व्यवस्था के साथ कूलर और पंखे लगाए जाएं. आम नागरिकों की सुविधा के लिए पर्याप्त संख्या में शौचालय की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए हैं.
आमजन के लिए अलग व्यवस्था
कार्यक्रम स्थल पर भीड़ को व्यवस्थित रखने के लिए पंडाल में VIP, मीडिया, आमजन और महिलाओं के बैठने के अलग- अलग जोन बनाए गए हैं. पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए VIP और आमजन के प्रवेश के लिए अलग- अलग गेट बनाए जाएंगे. निरीक्षण के दौरान ADC तरुण पावरिया, SDM योगेश सैनी, DMC रणबीर सिंह, SDM उदय सिंह, SDM डॉ. जितेंद्र और SDM गुरविंदर सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे.
