महेंद्रगढ़ | दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (DHBVN) ने उन उपभोक्ताओं पर सख्ती बरतने का फैसला किया है, जिन्होंने अपना बिजली बिल नहीं चुकाया है. विभाग ने ऐसे डिफॉल्टर उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटने की तैयारी कर ली है. यदि ये उपभोक्ता जल्द ही बकाया राशि जमा नहीं करवाते हैं, तो उनके बिजली कनेक्शन काट दिए जाएंगे.
डिफॉल्टरों पर करोड़ों की राशि बकाया
दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के पांच डिविजनों में करीब 27,000 डिफॉल्टर उपभोक्ता हैं. इन पर विभाग का करोड़ों रुपया बकाया है, जिसे वे चुका नहीं रहे हैं. अब विभाग ने सख्त कदम उठाने का निर्णय लिया है और टीमों का गठन किया गया है. ये टीमें डिफॉल्टर उपभोक्ताओं के घर जाकर बिजली बिल की राशि वसूल करेंगी. जो उपभोक्ता बिल का भुगतान नहीं करेंगे, उनके बिजली कनेक्शन काट दिए जाएंगे.
आम जनता से की समय पर बिल भरने की अपील
दक्षिणी हरियाणा बिजली वितरण निगम के कार्यकारी अभियंता रणबीर सिंह ने बताया कि जिले में पांच डिवीजन बनाए गए हैं, जिनमें सिटी, सबर वन, सतनाली सब डिवीजन, बुचावास सब डिवीजन और कनीना सब डिवीजन शामिल हैं. उन्होंने बताया कि यदि किसी उपभोक्ता का बिजली बिल अधिक आता है, तो वह पार्ट टाइम पेमेंट का विकल्प चुन सकता है. इससे उपभोक्ता को कोई परेशानी नहीं होगी और वह आसानी से बिल का भुगतान कर सकेगा. उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि समय पर बिजली बिल जमा करें. अन्यथा, कनेक्शन काट दिए जाएंगे.
