महेंद्रगढ़ | हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल में काठुवास रेलवे स्टेशन के पास स्थित भारतीय रेलवे की मुख्य लाइन से अलग करने का कार्य शुरू कर दिया गया है. दरअसल, DFCCIL के कंटेनर डिपो का कार्य किया जाएगा, जिसके चलते रेलवे ने 3 ट्रेनों का संचालन 18 मई तक अस्थायी रूप से बंद कर दिया है. इस फैसले के बाद से भिवानी, रेवाड़ी, झज्जर और महेंद्रगढ़ जिले के यात्रियों सहित खाटू श्याम के भक्तों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
होती थी परेशानी
कंटेनर डिपो से मालगाड़ियों की आवाजाही फिलहाल नारनौल- रेवाड़ी रेल लाइन से होती थी, जिससे यात्री ट्रेनों को रास्ते में रोकना पड़ता था. इसके अलावा, अटेली स्टेशन पर यात्रियों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता था. ऐसे में उन्हें भारी असुविधा का सामना करना पड़ता था.
बंद ट्रेनों की लिस्ट
- 09733/ 09734 भिवानी- जयपुर एक्सप्रेस
- 19619 फुलेरा- रेवाड़ी पैसेंजर
- 14705/ 14706 भिवानी- डेहर का बालाजी एक्सप्रेस
दैनिक रेल यात्री संघ की मुहिम हुई सफल
नारनौल के दैनिक रेल यात्री संघ के अध्यक्ष गणेश शर्मा ने बताया कि संगठन की ओर से लंबे समय से नारनौल- रेवाड़ी रेल मार्ग पर ट्रेनों की देरी को लेकर अभियान चलाया जा रहा था. बीते 8 जनवरी 2025 को उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक और डीआरएम जयपुर को एक ज्ञापन सौंपा गया था, जिसमें ट्रेन नंबर 09639 (मदार- रोहतक) और 09733 (जयपुर- भिवानी) ट्रेनों के समय में सुधार की मांग की गई थी. वहीं, अब इस कार्य के होने से यात्रियों की दुविधा खत्म हो जाएगी.
