राजस्थान के सांवरिया सेठ जाने वालों के लिए खुशखबरी, नारनौल से शुरू हुई सीधी बस सेवा; नोट करें टाइमिंग

महेंद्रगढ़ | हरियाणा परिवहन विभाग द्वारा यात्रियों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. साथ लगते नारनौल के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के लिए सीधी बस सेवा का संचालन कर यात्रियों को आरामदायक सफर की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है. इसी कड़ी में अब राजस्थान के एक और प्रसिद्ध धार्मिक स्थल चितौड़गढ़ स्थित सांवरिया सेठ के दर्शन के लिए सीधी बस सेवा शुरू कर स्थानीय लोगों को होली पर्व पर बड़ी सौगात प्रदान की गई है.

Haryana Roadways Bus

सीधी बस सेवा का मिलेगा फायदा

चितौड़गढ़ के लिए शुरू होने वाली इस सीधी बस सेवा के संचालन को राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम ने मंजूरी प्रदान कर दी है. इससे अब आने वाले 2- 3 दिनों में नारनौल रोडवेज डिपो से चितौड़गढ़ के लिए सीधी बस सेवा को हरी झंडी दिखा दी जाएगी. इस बस के शुरू होने से चितौड़गढ़ स्थित सांवरिया सेठ जाने वाले लोगों को सीधी राहत पहुंचेगी क्योंकि अभी तक नारनौल से कोई सीधी बस सेवा की सुविधा उपलब्ध नहीं थी.

यह रहेगा शेड्यूल

नारनौल बस स्टैंड से संचालित होने वाली इस बस की टाइमिंग व रूट निर्धारित कर दिया गया है. यह बस सुबह 08.40 बजे नारनौल से रवाना होकर कोटपुतली, शाहपुरा होते हुए दोपहर 01.05 बजे जयपुर, रात साढ़े 8 बजे बेंगू और सवा 10 बजे चितौड़गढ़ पहुंचेगी.

चितौड़गढ़ में रात्रि ठहराव के बाद अगली सुबह सवा 4 बजे रवाना होकर 6 बजे बेंगू, दोपहर 2 बजे जयपुर व शाम साढ़े 6 बजे नारनौल पहुंचेगी. 505 किलोमीटर लंबे इस सफर को यह बस 13 घंटे में पूरा करेगी. बीच रास्ते कोटपूतली, शाहपुरा चाकसू, टोंक व देवली के लोगों को भी इस बस की सुविधा का लाभ मिलेगा. इस बस में नारनौल से चितौड़गढ़ के लिए प्रति व्यक्ति यात्री किराया 600 रुपए निर्धारित किया गया है.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.