महेंद्रगढ़ | दिल्ली से जोधपुर- जैसलमेर के बीच चलने वाली रेल सेवा अब अस्थायी रूप से हरियाणा के महेंद्रगढ़, चिड़ावा, झुंझुनूं, सीकर और रिंगस मार्ग से संचालित होगी. रेलवे के इस फैसले से महेंद्रगढ़ और झुंझुनूं क्षेत्र के यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है. दैनिक रेल यात्री महासंघ, महेंद्रगढ़ ने मार्ग परिवर्तन के लिए रेलवे अधिकारियों का आभार जताया है.

दैनिक रेल यात्री महासंघ के अध्यक्ष रामनिवास पाटोदा ने बताया कि महासंघ लंबे समय से इस रूट से ट्रेन चलाने की मांग कर रहा था. रेलवे प्रशासन ने रूट दोहरीकरण (डबलिंग) के कार्य के चलते ट्रेन के मार्ग में अस्थायी बदलाव किया है.
बदले मार्ग पर चल रही ट्रेन
गाड़ी संख्या 14087 रूणिचा एक्सप्रेस का परिवर्तित मार्ग से संचालन 21 अगस्त से शुरू हो गया है. यह व्यवस्था 24 सितंबर तक जारी रहेगी. कुल 35 दिनों तक ट्रेन के इस मार्ग से चलने के कारण स्थानीय निवासियों और दैनिक रेल यात्रियों को राहत मिलेगी. पहले यह ट्रेन नारनौल होकर चलती थी. अब महेंद्रगढ़ के रास्ते संचालन होने से क्षेत्र के यात्रियों को दोपहर के समय प्रसिद्ध धार्मिक स्थल खाटू श्याम जी जाने के लिए सीधी रेल सुविधा मिल गई है.
समय सारणी के अनुसार, रूणिचा एक्सप्रेस दिल्ली जंक्शन से सुबह 8:55 बजे, दिल्ली कैंट से 9:23 बजे, गुरुग्राम से 9:41 बजे और रेवाड़ी से 10:37 बजे रवाना होकर करीब 11:30 बजे महेंद्रगढ़ पहुंचेगी.
भविष्य में बढ़ सकती हैं रेल सेवाएं
दैनिक रेल यात्री महासंघ ने उम्मीद जताई है कि 35 दिनों तक इस मार्ग पर ट्रेन का सफल संचालन भविष्य में दिल्ली- जोधपुर मार्ग पर नई रेल सेवाओं के विस्तार का आधार बन सकता है. इसके अलावा चिड़ावा- झुंझुनूं -सीकर रेलमार्ग पर नियमित ट्रेनों के संचालन की संभावनाएं भी बढ़ सकती हैं. महासंघ के पदाधिकारियों ने रेलवे के इस फैसले को महेंद्रगढ़ और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की रेल कनेक्टिविटी मजबूत करने की दिशा में सकारात्मक कदम बताया है.