महेंद्रगढ़ | दक्षिण हरियाणा के नारनौल से एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां नारनौल के गांव नसीबपुर में शहीदों व वीर बलिदानियों की स्मृति में भव्य शहीद स्मारक बनाया जाएगा. इससे अहीरवाल क्षेत्र के गौरवशाली इतिहास को नई पहचान मिलेगी. साथ ही, आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का केंद्र बनेगा.

हरियाणा CM ने दिए निर्देश
स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने बताया कि सीएम नायब सैनी के साथ हुई महत्वपूर्ण बैठक में नसीबपुर में बनने वाले शहीद स्मारक की ड्राफ्टिंग और डिजाइन का विस्तार से अवलोकन किया गया. इसके साथ ही निर्माण कार्य जल्द शुरू करने को लेकर अधिकारियों के साथ चर्चा करते हुए जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए. मुख्यमंत्री ने भी शहीद स्मारक को आधुनिक और भव्य स्वरूप देने पर विशेष जोर दिया.
ओपन एयर थियेटर की मिलेगी सुविधा
कैबिनेट मंत्री आरती राव ने बताया कि करीब 42 कनाल 10 मरला भूमि में बनने वाले इस स्मारक में आधुनिक सुविधाओं के साथ इतिहास और संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी. परिसर में 500 से ज्यादा लोगों की क्षमता वाला ओपन एयर थिएटर, अत्याधुनिक लाइट एंड साउंड शो, 6 भव्य गैलरी, ऑडिटोरियम, एडमिन ब्लॉक और विशाल तिरंगा स्थापित किया जाएगा.
उन्होंने बताया कि शहीद स्मारक परिसर में हरियाली, स्वच्छता, पार्किंग और तालाब के जीर्णोद्धार पर विशेष ध्यान दिया जाएगा. वहीं, तालाब के पानी की स्वच्छता बनाए रखने के लिए अलग से सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किया जाएगा जिससे इस जगह की खूबसूरती में चार- चांद लगेंगे.
शहीदों को मिलेगा सम्मान
आरती राव ने कहा कि अहीरवाल की धरती वीरता, राष्ट्रभक्ति और बलिदान के लिए पूरे देश में जानी जाती है. यहां के वीर जवानों ने देश की आजादी और सीमाओं की रक्षा के लिए अपने प्राण न्यौछावर करते हुए देश के लिए अपना जीवन बलिदान किया है. इसलिए हमारी सरकार उनके सम्मान और इतिहास को सहेजने का काम कर रही है ताकि शहीदों के बलिदान को सर्वोच्च सम्मान मिल सके.