महेंद्रगढ़ | हरियाणा की नायब सैनी सरकार में स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने अपने निर्वाचन क्षेत्र अटेली को करोड़ों रुपए की विकास परियोजनाओं की सौगात दी. महेंद्रगढ़ जिले के कनीना पहुंची आरती राव (Arti Rao) ने 39 करोड़ रुपए से ज्यादा की परियोजनाओं का उद्घाटन किया और 24 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का शिलान्यास किया.
पिक्चर अभी बाकी: स्वास्थ्य मंत्री
इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने कहा कि यह तो केवल ट्रेलर हैं, विकास की पिक्चर अभी बाकी है. उन्होंने कहा कि सीएम नायब सैनी के नेतृत्व में हरियाणा की BJP सरकार ने स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं. हमारी सरकार का उद्देश्य नागरिक अस्पतालों में प्राथमिक उपचार से लेकर उच्च गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं प्रदान कराना है.
आज जिला महेंद्रगढ़ के ब्लॉक कनीना में विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन वह शिलान्यास किया l
लोगों द्वारा भव्य स्वागत से अभिभूत हूं l आप सभी का बहुत-बहुत धन्यवाद l pic.twitter.com/EWldn74rBf
— Arti Singh Rao (@ArtiSinghRao) May 1, 2025
विकास की बहेगी गंगा: आरती राव
आरती राव ने कहा कि आम आदमी को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो, इसके लिए हमारी सरकार निरंतर प्रयास कर रही है. पिछले दिनों नागरिक अस्पताल, नारनौल में 1 करोड़ रुपए की ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन मशीन दी गई है. अब यहां भी ब्लड के अलग- अलग कंपोनेंट तैयार हो सकेंगे और डेंगू के मरीजों के लिए प्लेटलेट्स के अलावा फ्रेश फ्रोजन प्लाज्मा आदि की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी.
उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों में डाक्टरों के खाली पदों को भरा जा रहा है, ताकि लोगों को और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें. आरती राव ने कहा कि हाइवे और एक्सप्रेसवे के किनारे ट्रामा सेंटर स्थापित किए जाएंगे, ताकि गोल्डन ऑवर के दौरान घायल व्यक्ति की जान को बचाया जा सके. समूचे हरियाणा के समग्र विकास को लेकर हमारी सरकार प्रतिबद्ध है और आने वाले साढ़े 4 साल में प्रदेश में विकास की गंगा बहेगी.
