महेंद्रगढ़ | हरियाणा के महेंद्रगढ़ के अटेली खंड से एक सराहनीय खबर सामने आई है. यहां गांव सलीमपुर की सरपंच आरती ने समाज सेवा की मिसाल पेश की है. सरपंच आरती ने अपने अब तक के कार्यकाल के दौरान प्राप्त सारा वेतन गांव के बच्चों की भलाई पर खर्च कर दिया है. कुमारी आरती के इस काम से पूरे गांव में उनकी प्रशंसा हो रही है. हर कोई उनकी इस सराहनीय पहल की सराहना करते नहीं थक रहा है.
हरियाणा की सरपंच ने लूटी महफिल
सरपंच आरती ने राजकीय उच्च विद्यालय गौकलपुर और राजकीय प्राथमिक पाठशाला सलीमपुर के कुल 190 बच्चों को ट्रैक सूट व जूते बांटे. उन्होंने जरूरतमंद एवं गरीब बच्चों को गर्म कपड़े और जूते बांटकर समाज सेवा का काम किया है. इससे बच्चों एवं गांव वालों में खुशी का माहौल दिखाई दिया. इसके अलावा, उन्होंने स्कूल के ग्रुप D कर्मचारियों को भी चादर ओढ़ाकर सम्मानित किया. गांव वालों ने सरपंच आरती की इस पहल को अन्य लोगों के लिए प्रेरणा बताया.
ग्रामीणों ने की सरपंच की प्रशंसा
इस कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने सरपंच आरती की दिल से प्रशंसा की और कहा कि आज के समय में अधिकांश प्रतिनिधि भत्तों और सुविधाओं तक सीमित रहते हैं. ऐसे में सरपंच आरती ने अपना पूरा वेतन बच्चों की जरूरत पर खर्च कर समाज के सामने सामाजिक सेवा की बेहतरीन मिसाल कायम की हैं.
सरपंच आरती सिंह ने बताया कि उन्हें अब तक सरपंच पद से करीब डेढ़ लाख रूपए का वेतन मिला है. उन्होंने इस राशि को खुद खर्च न करके बच्चों की भलाई के लिए खर्च किया. इस खास मौके पर उनके साथ ग्रामीण और अन्य सदस्य मौजूद रहे.
