महेंद्रगढ़ | दक्षिण हरियाणा का महेंद्रगढ़ शहर नए साल में विकास का नया अध्याय लिखने जा रहा है. सरकारी घोषणाएं और जिला प्रशासन के निरंतर प्रयासों की बदौलत शहर को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने के लिए 100 करोड़ रुपए का मास्टर प्लान तैयार किया गया है. इसके लिए पिछले एक महीने से शहर में विकास कार्यों को लेकर सर्वे चल रहा है और विशेषज्ञों की यह रिपोर्ट ही तय करेगी कि आने वाले सालों में महेंद्रगढ़ शहर की तस्वीर कैसी होगी.
महेंद्रगढ़ विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी विधायक कंवर सिंह यादव और नगर परिषद चेयरमैन रमेश सैनी ने इस मास्टर प्लान को लागू करने के लिए मुख्यमंत्री नायब सैनी से मुलाकात की है.
महेंद्रगढ़ को मॉडर्न सिटी का मिलेगा दर्जा
शहर को मॉडर्न सिटी का दर्जा देने के लिए एक खास एजेंसी को नियुक्त किया गया है जो शहर के भौगौलिक लेआउट, ट्रैफिक जाम, जल निकासी की समस्या और सौंदर्यीकरण की संभावनाओं पर बारीकी से अध्ययन कर रही है. इस मास्टर प्लान में शहर की सड़कों को मॉडर्न सड़कों के रुप में विकसित करने पर जोर दिया गया है. इसके तहत सड़कों का चौड़ीकरण, फुटपाथ, बेहतर जल निकासी व्यवस्था और आधुनिक साइन बोर्ड जैसी सुविधाएं मिलेंगी.
जिन सड़क मार्गों को मॉडर्न सड़क के रूप में विकसित किया जाएगा उनमें माजरा चुंगी से माता मसानी तक और परशुराम चौक से महाराजा शूर सैनी चौक (कैंची टी-पॉइंट) तक, माता मसानी मंदिर से दुलना रोड तक, राव तुलाराम चौक से बालाजी चौक तक का व्यस्त रास्ता और बालाजी चौक से रेलवे रोड तक की मुख्य कमर्शियल सड़क शामिल हैं. इससे न केवल शहर के भीतर कनेक्टिविटी मजबूत होगी बल्कि लोगों को ट्रैफिक जाम के झंझट से भी छुटकारा मिलेगा.
इन सड़कों पर लगेगी स्ट्रीट लाइटें
सुरक्षा और सुविधा के लिए शहर की चार मुख्य सड़कों अटेली रोड, सतनाली रोड, कुराहवाटा रोड और दुलना रोड पर हाईटेक स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएगी. इन सड़कों पर लाइटें लगने से रात में होने वाली सड़क दुघर्टनाओं पर अंकुश लगेगा और साथ ही शहर के बाहरी इलाके ज्यादा सुरक्षित बनेंगे.
शहर में व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए ब्रह्माचारी सड़क मार्ग को सीधे शॉपिंग मॉल से जोड़ने की योजना बनाई गई है. इसके लिए कम्यूनिटी सेंटर के सामने से एक नई सड़क का निर्माण किया जाएगा, जिससे खरीदारों और व्यापारियों को समय की बचत होगी. इसके अलावा, शहर के एकमात्र हुड्डा पार्क का रेनोवेशन किया जाएगा और यहां ओपन एयर जिम, बच्चों के लिए झूले और बेहतर लैंडस्केपिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी. इसके साथ ही, मोदाश्रम मंदिर के सामने खाली पड़ी जमीन का सौंदर्यीकरण करते हुए एक आकर्षक पब्लिक प्लेस में तब्दील किया जाएगा.
जल निकासी और स्वच्छता पर ध्यान
सर्वे टीम ने शहर की सबसे पुरानी जलभराव की समस्या के स्थाई समाधान के लिए एक इंटीग्रेटेड ड्रेनेज प्लान तैयार किया है. वहीं, शहर के प्रमुख चौक- चौराहों को नया लुक दिया जाएगा. इसके तहत, यहां आधुनिक ट्रैफिक लाइट्स लगाई जाएगी जिससे ट्रैफिक व्यवस्था कंट्रोल करने में मदद मिलेगी. इसके अलावा, शहर के चारों मुख्य प्रवेश द्वार पर शानदार वेलकम गेट बनाएं जाएंगे जो महेंद्रगढ़ की ऐतिहासिक विरासत और आधुनिकता का मिश्रण होंगे.
