महेंद्रगढ़ | हरियाणा के नारनौल शहर के 41 वर्षीय व्यापारी मोहित जिंदल जल्द ही बॉलीवुड एक्टर अनिल कपूर के रियलिटी शो ‘इंडिया के टॉप 1%’ में नजर आएंगे. देशभर से चुने गए 100 प्रतिभागियों में मोहित का भी चयन हुआ है. शो में उन्हें अपनी रीजनिंग और GK की क्षमता के दम पर मुकाबला करना होगा. खास बात यह है कि प्रतिभागियों के पास अधिकतम एक करोड़ रुपए तक जीतने का मौका रहेगा.

मोहित ने बताया कि शो में शामिल प्रतिभागियों के बीच रीजनिंग और GK से जुड़े सवालों के जरिए मुकाबला होगा. शो का प्रसारण स्टार प्लस और जियो हॉटस्टार पर किया जाएगा. हालांकि, शो में प्रतिभागियों के रहने वाले हाउस को लेकर अभी उन्हें ज्यादा जानकारी नहीं दी गई है.
एड देखकर किया था आवेदन
मोहित के मुताबिक, एक दिन वह परिवार के साथ टीवी देख रहे थे. इसी दौरान स्टार प्लस पर ‘इंडिया के टॉप 1%’ का एडवरटाइज आया. इसमें इच्छुक प्रतिभागियों से ऑडिशन के लिए आवेदन मांगे जा रहे थे. परिवार ने मोहित को भी आवेदन करने के लिए कहा. इसके बाद उन्होंने करीब एक मिनट का ऑडिशन वीडियो बनाकर शो की टीम को भेजा. वीडियो पसंद आने के बाद उन्हें लाइव ऑडिशन के लिए बुलाया गया. लाइव ऑडिशन में मोहित से 13 सवाल पूछे गए, जिनमें उन्होंने 11 के सही जवाब दिए. उनसे अक्षरों की सीरीज, स्थान बदलने, शब्दों और तर्क से जुड़े सवाल पूछे गए.
उदाहरण के तौर पर ए, द, च के बाद कौन सा अक्षर आएगा, A और B के बाद C के आगे निकलने पर उसकी पोजिशन क्या होगी और 1, 3, 5, 9, 12, 21 के बाद कौन सी संख्या आएगी जैसे सवाल शामिल थे. मोहित के प्रदर्शन से शो की टीम संतुष्ट हुई और इसके बाद उनका फाइनल सलेक्शन हो गया.
आधे वृद्धाश्रम को देंगे
शो में ऑडिशन के दौरान मोहित से पूछा गया कि अगर वह एक करोड़ रुपए जीतते हैं तो इन पैसों का क्या करेंगे. इस पर उन्होंने कहा कि वह 50 लाख रुपए वृद्धाश्रम में खर्च करेंगे, जबकि बाकी 50 लाख रुपए अपने परिवार पर खर्च करेंगे. मोहित ने बताया कि उन्हें 20 अगस्त को शो की रिकॉर्डिंग के लिए बुलाया गया है. इस दौरान वह अनिल कपूर के साथ मंच साझा करेंगे और उनके सामने ही गेम खेलेंगे. शो का पहला एपिसोड 5 सितंबर को प्रसारित होने की जानकारी दी गई है.