कुपवाड़ा में ड्यूटी के दौरान शहीद हुए नारनौल के नायब सूबेदार, राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई

महेंद्रगढ़ | हरियाणा के नारनौल निवासी नायब सूबेदार भूपेंद्र सिंह (40) जम्मू- कश्मीर के कुपवाड़ा सेक्टर में ड्यूटी के दौरान शहीद हो गए. वह सेना की 2 राष्ट्रीय राइफल्स में तैनात थे. सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, हिम शौर्य ऑपरेशन के दौरान अचानक हार्ट अटैक आने से उनकी तबीयत बिगड़ गई. साथी जवान उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया.

Narnaul Shahid

शहीद भूपेंद्र सिंह का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव मोहनपुर लाया गया. यहां पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया. भतीजे ने उन्हें मुखाग्नि दी. उनके अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और आसपास के लोग पहुंचे.

23 साल पहले सेना में हुए थे भर्ती

परिजनों के अनुसार, भूपेंद्र सिंह करीब 23 साल पहले भारतीय सेना में भर्ती हुए थे. कुछ समय पहले ही उनका प्रमोशन हुआ था. वह 1 महीने पहले छुट्टी लेकर घर आए थे. इस दौरान उन्होंने अपनी छोटी बेटी का जन्मदिन परिवार के साथ मनाया था. वह ड्यूटी पर वापस लौट गए. भतीजे हर्ष चौधरी ने बताया कि भूपेंद्र सिंह परिवार में सबसे छोटे बेटे थे. उनके पिता सूबेदार रोहतास सिंह सेना से रिटायर्ड हैं. परिवार के तीनों भाई रोहतास सिंह, हवा सिंह और दलीप सिंह भी सेना में सेवा देने के बाद सूबेदार पद से सेवानिवृत्त हुए हैं.

यह भी पढ़े -  महिला पहलवानों के आरोपों पर बृजभूषण का तंज, बोले- ‘अब चवन्नी का भी टोटा’

2 बेटियों को छोड़ गए पीछे

भूपेंद्र सिंह के परिवार में पत्नी और दो बेटियां हैं. बड़ी बेटी मुस्कान (19) बीटेक की पढ़ाई कर रही है, जबकि छोटी बेटी वियोना दूसरी कक्षा में पढ़ती है. भूपेंद्र सिंह के भतीजे हर्ष चौधरी ने कहा कि वह दोनों बहनों की पढ़ाई और भविष्य की जिम्मेदारी संभालेंगे. उन्हें पिता की कमी महसूस नहीं होने देने का पूरा प्रयास करेंगे. शहीद के अंतिम संस्कार के दौरान गांव में गमगीन माहौल रहा. ग्रामीणों ने नम आंखों से वीर जवान को अंतिम विदाई दी.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.