महेंद्रगढ़ | दक्षिण हरियाणा के महेंद्रगढ़ शहरवासियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. यहां 11 हट्टा बाजार रोड की 10 साल बाद तस्वीर बदलने जा रही है. स्थानीय विधायक कंवर सिंह यादव ने नारियल फोड़कर इस रोड का निर्माण कार्य शुरू करवाया. इसके निर्माण कार्य पर 2.70 करोड़ रुपए की लागत राशि खर्च होगी.
शहर की लाइफलाइन है यह सड़क
महेंद्रगढ़ शहर के पुराने नारनौल रोड पर कालेज मोड़ से मसानी चौक तक लगभग 2 किलोमीटर लंबी यह सड़क पिछले 10 सालों से बदहाल स्थिति से जूझ रही है. यह रोड दक्षिण में नारनौल और उत्तर में रेवाड़ी रोड से कनेक्टिविटी देता है. वाहन चालक इसी सड़क मार्ग से नारनौल और रेवाड़ी के बीच आवागमन करते हैं.
बाजार के बीचोंबीच से गुजरने वाली इस सड़क से रोजाना हजारों की संख्या में वाहन गुजरते हैं. ऐसे में रोड की खस्ताहाल स्थिति होने से लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही थी. इसके निर्माण को लेकर पिछले लंबे समय से मांग उठाई जा रही थी. अब जाकर इस रोड का निर्माण कार्य शुरू होने पर शहरवासियों ने राहत की सांस ली है.
32 फीट तक बढ़ेगी चौड़ाई
2.70 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले इस रोड को 32 फीट चौड़ा बनाया जाएगा. इस सड़क मार्ग को सीमेंटेड बनाया जाएगा. रोड की चौड़ाई बढ़ाने के लिए दोनों तरफ दुकानों के आगे बने चबूतरों को तोड़ा जाएगा. साथ ही, बिजली के खंभे भी शिफ्ट किए जाएंगे. लगभग 3 महीने में इस सड़क मार्ग का निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा. विधायक कंवर सिंह यादव ने कहा कि शहरवासियों को जल्द- ही एक सुंदर सड़क की सौगात मिलने जा रही है.
