महेंद्रगढ़ | दक्षिण हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि यहां रोडवेज सब- डिपो के जल्द शुरू होने की उम्मीद जग उठी है. परिवहन विभाग द्वारा जारी एक पत्र के अनुसार, महेंद्रगढ़ में हरियाणा रोडवेज का सब- डिपो स्थापित करने और संचालन के लिए विभिन्न श्रेणियों के कुल 45 पद स्वीकृत किए गए हैं.
इनमें यार्ड मास्टर, स्टेशन सुपरवाइजर, फोरमैन, जूनियर ऑडिटर, हेड मैकेनिक, हेड इलेक्ट्रशियन, मैकेनिक, इलेक्ट्रशियन, टायरमैन, क्लर्क, असिस्टेंट मैकेनिक, स्टोर कीपर, हेल्पर, चपरासी और स्वीपर जैसे पद शामिल हैं.
बेहतर होगी रोडवेज बस सेवाएं
दिसंबर 2019 में महेंद्रगढ़ बस स्टैंड परिसर में करीब 7 करोड़ रुपये की लागत से रोडवेज सब- डिपो के लिए वर्कशॉप भवन का निर्माण कार्य पूरा किया गया था. ठेकेदार ने फरवरी, 2021 को भवन की चाबी बस स्टैंड इंचार्ज को सौंप दी थी. इसके बाद, करीब 3 साल तक विभागीय निरीक्षण के दौरान वर्कशॉप भवन में कमियां निकालने और उन्हें दुरुस्त कराने की प्रक्रिया चलती रही, जिसके कारण सब- डिपो शुरू नहीं हो पाया.
मार्च 2024 में तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने इसका वर्चुअल उद्घाटन किया था जिससे लोगों को उम्मीद जगी थी कि जल्द ही महेंद्रगढ़ का अपना रोडवेज सब- डिपो शुरू होगा. अब 45 पदों की स्वीकृति के बाद क्षेत्र के लोगों को उम्मीद है कि सब- डिपो जल्द शुरू होगा जिससे लंबी दूरी की बस सेवाएं, रात्रि बस सेवा और स्थानीय रूटों पर रोडवेज बसों की सुविधा मिल सकेगी.
विधायक की मेहनत लाई रंग
महेंद्रगढ़ विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी विधायक कंवर सिंह यादव ने बताया कि महेंद्रगढ़ में सब- डिपो शुरू करवाने की कोशिशें लगातार जारी है. अब परिवहन विभाग की ओर से 45 पदों पर भर्ती का पत्र जारी कर दिया गया है, जिससे जल्द ही महेंद्रगढ़ में सब- डिपो शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है. उन्होंने कहा कि महेंद्रगढ़ में सब- डिपो शुरू होने से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी.
इससे न केवल परिवहन व्यवस्था मजबूत होगी बल्कि आसपास के गांवों के लोगों को भी बेहतर बस सुविधा मिल सकेगी. इससे महेंद्रगढ़ क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और लोगों को बस सेवाओं का अधिक लाभ मिलेगा. नई बसों का संचालन भी बढ़ेगा जिससे यात्रियों को समय पर बेहतर परिवहन सेवाओं का लाभ मिलेगा.
