महेंद्रगढ़ | हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज 23 अगस्त (रविवार) को नांगल चौधरी क्षेत्र में नवनिर्मित इंटीग्रेटेड मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक हब से रेल कनेक्टिविटी की शुरुआत करेंगे. मुख्यमंत्री सुबह 9:30 बजे यहां पहुंचकर पहली मालगाड़ी को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे. इस दौरान हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह भी मौजूद रहेंगे. रेल यार्ड और ट्रैक का निर्माण पूरा होने के बाद पहली बार इस लॉजिस्टिक हब में मालगाड़ी पहुंचेगी.

इसे क्षेत्र के औद्योगिक और व्यापारिक विकास के लिहाज से महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. रेल कनेक्टिविटी शुरू होने से यहां आने- जाने वाले माल की ढुलाई को गति मिलने के साथ उद्योगों और कारोबारियों को भी सुविधा मिलने की उम्मीद है.
मिलकर कर रहे आयोजन
राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन हरियाणा सरकार के उद्योग एवं वाणिज्य विभाग, हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम और रेल मंत्रालय के उपक्रम डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर कॉरर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड की ओर से संयुक्त रूप से किया जा रहा है. मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने भी तैयारियां पूरी कर ली हैं. उपायुक्त अनुपमा अंजली ने अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया. उन्होंने तलोट, घाटाशेर और बसीरपुर में बनाए गए आधुनिक रेलवे स्टेशन भवनों का भी दौरा किया.
डीसी ने सुरक्षा व्यवस्था, मंच, बैठने की व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और तकनीकी तैयारियों की समीक्षा की. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी इंतजाम समय पर पूरे करने के निर्देश दिए.
एडवाइजरी जारी
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के 23 अगस्त को नांगल चौधरी क्षेत्र में प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर पुलिस प्रशासन ने यातायात एडवाइजरी जारी की है. कार्यक्रम के दौरान आम लोगों और वाहन चालकों की सुविधा के लिए कुछ मार्गों पर यातायात प्रतिबंध लगाए गए हैं, जबकि भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया गया है. कार्यक्रम को देखते हुए मॉडर्न लॉजिस्टिक हब की ओर जाने वाला मार्ग 23 अगस्त को सुबह 6 बजे से दोपहर 12 बजे तक बंद रहेगा. इस दौरान आमजन और वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करना होगा. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि कार्यक्रम के दौरान अनावश्यक परेशानी से बचने के लिए निर्धारित यातायात व्यवस्था का पालन करें.
यातायात एडवाइजरी | महेंद्रगढ़ पुलिस
दिनांक 23 अगस्त को प्रस्तावित कार्यक्रम के मद्देनजर जारी यातायात एडवाइजरी को ध्यानपूर्वक पढ़ें एवं निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें।@cmohry @DGPHaryana @IGP_southRange @police_haryana pic.twitter.com/N49gbcP7nM
— Narnaul Police (@NarnaulP) August 22, 2026
तैयार हुआ पहला चरण
उपायुक्त के अनुसार, इंटीग्रेटेड मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक हब के पहले चरण में 408 एकड़ क्षेत्र में जरूरी सुविधाएं विकसित की गई हैं. यहां रेल और सड़क कनेक्टिविटी के साथ बिजली और जल आपूर्ति की व्यवस्था भी तैयार है. मालगाड़ियों के संचालन के लिए करीब 2 किलोमीटर लंबी चार रेल पटरियां बनाई गई हैं. दोहरे स्टेशन भवन और बड़े प्लेटफॉर्म भी तैयार किए गए हैं. रेल कनेक्टिविटी शुरू होने के बाद लॉजिस्टिक हब से औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने और क्षेत्र में रोजगार व कारोबार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है.