महेन्द्रगढ़ | दक्षिण हरियाणा के महेन्द्रगढ़ (Mahendragarh) शहरवासियों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां नगर परिषद की ओर से सभी वार्डों में टूटी- फूटी सड़कों को दुरुस्त किया जाएगा. इस संबंध में नगर परिषद् की ओर से 100 से ज्यादा कार्यों के लिए टेंडर आमंत्रित किए जाएंगे, जिनमें ज्यादातर सड़कों की मरम्मत कार्य शामिल हैं. इन सड़कों की मरम्मत से लोगों का सफर आसान हो जाएगा. संभावना जताई गई है कि इस काम के लिए करीब 9 करोड़ रूपए खर्च किए जाएंगे.
शहरवासियों को मिलेगी राहत
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, नगर परिषद् की ओर से हर वार्ड में करीब 25 लाख रुपए तक के विकास कार्य करवाए जाएंगे. इनमें ज्यादातर सड़कों की मरम्मत और पुनर्निर्माण कार्य शामिल हैं. शहर के वार्ड नंबर- 21 में अलग- अलग गलियों और नालियों के निर्माण पर 8.46 लाख रुपए और दयानगर मोहल्ले की गलियों के निर्माण पर 3.80 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे. इन गलियों के निर्माण से मोहल्ले के लोगों को राहत पहुंचेगी. वहीं, शहर के मुख्य मार्गों की टूटी सड़कों की भी मरम्मत की जा रही है.
वार्ड के हिसाब से खर्चे की जानकारी
वार्ड 1 में सड़क निर्माण पर 3.79 लाख, वार्ड 5 में गली निर्माण पर 5.84 लाख, वार्ड 13 में सड़क निर्माण पर 2.44 लाख, वार्ड 16 में सड़क निर्माण के लिए 7.69 लाख रुपये, वार्ड 19 में राम क्लिनिक से अंडरपास तक सड़क निर्माण में 15.14 लाख, वार्ड 20 में सड़क निर्माण के लिए 7.62 लाख और वार्ड 21 में गली के निर्माण पर 10.16 लाख रुपए खर्च होंगे.
इसी तरह वार्ड 22 में विभिन्न गलियों, सड़कों, नालियों, जालियों पर 12.69 लाख, वार्ड 23 में महादेव मंदिर से महिला शौचालय तक स्टॉर्म वाटर पाइप उपलब्ध कराने और बिछाने पर 5.92 लाख, वार्ड 23 और 29 में गलियों और सड़क के निर्माण पर लाखों रुपए की लागत राशि खर्च होगी.
