खुशखबरी: महेंद्रगढ़ से चितौड़गढ़ के लिए सीधी बस सेवा को रोडवेज ने दिखाई हरी झंडी, फटाफट नोट करें टाइमिंग व स्टॉपेज

महेंद्रगढ़ | हरियाणा परिवहन विभाग द्वारा यात्रियों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में महेंद्रगढ़ जिले के कनीना बस स्टैंड से यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. बता दें कि रोडवेज विभाग ने कनीना से राजस्थान के ऐतिहासिक शहर चितौड़गढ़ के लिए सीधी बस सेवा को हरी झंडी दिखा दी है.

Haryana Roadways Bus 1

धार्मिक और पर्यटन दोनों ही दृष्टि से यह बस सीधी बस सेवा यात्रियों के लिए फायदेमंद साबित होगी क्योंकि इससे लोगों को प्रसिद्ध सेठ सांवलिया धाम और चित्तौड़गढ़ की ऐतिहासिक धरोहरों तक सीधी बस सेवा की सुविधा मिलेगी जिससे उनकी लंबी दूरी की यात्रा आरामदायक हो जाएगी यानि लोगों को अब इन जगहों तक पहुंचने के लिए बार- बार बस बदलने के झंझट से मुक्ति मिलेगी.

यह रहेगा शेड्यूल

बस स्टैंड इंचार्ज अनिल ने बताया कि कनीना बस स्टैंड से यह बस सुबह सवा 7 बजे रवाना होकर 08.40 बजे नारनौल, दोपहर 01.05 बजे जयपुर, 02.10 बजे टोंक और साढ़े 8 बजे बेगुन पहुंचते हुए रात सवा 10 बजे चितौड़गढ़ पहुंचेगी. 562 किलोमीटर लंबा यह सफर 13 घंटे में पूरा होगा और बीच रास्ते 48 जगहों पर स्टॉपेज रहेगा. इसी तरह वापसी में अगले दिन सुबह सवा 4 बजे चितौड़गढ़ से रवाना होकर सुबह 6 बजे बेगुन, दोपहर 2 बजे जयपुर और शाम साढ़े 6 बजे नारनौल पहुंचेगी.

यह भी पढ़े -  3 खतरनाक खामियां ढूंढ हरियाणा के छोरे ने बनाया नया UPI सिस्टम, साईबर ठगी पर लगेगी पूरी तरह से रोक

पर्यटन व धार्मिक यात्राओं को मिलेगा बढ़ावा

उन्होंने बताया कि कनीना बस अड्डे से रवाना होकर यह बस नारनौल तक चेलावास, मोहनपुर, गोमला, करीरा, अटेली और सुराणा सहित कुल 10 गांवों के बस अड्डों पर ठहराव करेगी. इस बस में कनीनी से चितौड़गढ़ के लिए प्रति व्यक्ति यात्री किराया 590 रुपए और नारनौल से चितौड़गढ़ का 545 रुपए रहेगा.

अड्डा इंचार्ज ने बताया कि पर्यटन और धार्मिक यात्राओं को बढ़ावा देने में यह सीधी बस सेवा महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेगी. लोगों को अपने नजदीकी बस स्टैंड से लंबी दूरी की सीधी बस सेवा का लाभ मिलने से उनकी यात्रा सुविधाजनक हो जाएगी.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.