महेंद्रगढ़ | हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले की कॉमनवेल्थ गोल्ड मेडलिस्ट शर्मिला धनखड़ ने लोकप्रिय टीवी शो कौन बनेगा करोड़पति (KBC) की हॉट सीट पर पहुंचकर अपने खेल और संघर्ष की कहानी साझा की. उनके साथ बॉक्सर लवलीना बोरगोहेन, पैरा पावर लिफ्टर झंडू कुमार और जूडो प्लेयर अस्मिता डे भी शो में शामिल हुए. चारों खिलाड़ियों ने मिलकर 12.5 लाख रुपए जीते. शो के दौरान होस्ट अमिताभ बच्चन ने खिलाड़ियों के खेल सफर और उनकी निजी जिंदगी के बारे में जाना.

शर्मिला की कहानी सुनकर अमिताभ बच्चन भावुक हो गए. उन्होंने कहा कि लोगों को खिलाड़ियों की मेहनत और मेडल तो दिखाई देते हैं, लेकिन उसके पीछे का संघर्ष और कहानी अक्सर सामने नहीं आती. इस दौरान उन्होंने शर्मिला की बड़ी बेटी से भी बातचीत की.
सीट पर पहुंचीं खिलाड़ी
शो में शर्मिला ने बिना लाइफ लाइन लिए एक सवाल का जवाब दिया. शुरुआत में बॉक्सर लवलीना बोरगोहेन और झंडू कुमार ने छह सवालों के जवाब दिए. इसके बाद, सातवें सवाल से शर्मिला और अस्मिता डे हॉट सीट पर पहुंचीं. शर्मिला से पूछा गया कि सभी 10 महिला टी- 20 वर्ल्ड कप खेलने वाली खिलाड़ी कौन हैं. उन्होंने बिना किसी लाइफ लाइन के तुरंत हरमनप्रीत कौर का नाम लिया.
लाइफ लाइन लेने की सलाह
अमिताभ बच्चन ने उन्हें लाइफ लाइन लेने की सलाह भी दी, लेकिन शर्मिला अपने जवाब पर कायम रहीं. जवाब सही होने पर उन्होंने बताया कि वह महिलाओं के क्रिकेट मैच देखती हैं, इसलिए उन्हें इसका उत्तर पता था. शो में खिलाड़ियों ने कुल 11 सवालों के जवाब दिए. इसके बाद, 13वें सवाल पर पहुंचते ही टाइम ओवर का हूटर बज गया. इस एपिसोड की शूटिंग 11 अगस्त को मुंबई में हुई थी और इसका प्रसारण सोमवार रात किया गया.