महेंद्रगढ़ | दिवाली और छठ पर्व पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़-भाड़ से निपटने के लिए भारतीय रेलवे (Indian Railways) द्वारा कई रूटों पर स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है. इसी कड़ी में जोधपुर- गोरखपुर- जोधपुर स्पेशल ट्रेन के संचालन को हरी झंडी दिखाई गई है. यह ट्रेन हरियाणा के महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी सहित कई अन्य स्टेशनों से होकर गुजरेगी, जिसका सीधा फायदा UP और राजस्थान जाने वाले लोगों को मिलेगा. इन जिलों में काम करने वाले यूपी व राजस्थान के लोगों के लिए दिवाली व छठ पर्व पर घर का सफर आसान हो जाएगा.
यह रहेगा शेड्यूल
ट्रेन नंबर 04829, प्रत्येक वीरवार को जोधपुर से सवा 4 बजे रवाना होकर 09.35 बजे रतनगढ़, रात साढ़े 12 बजे लोहारू, रात 01.07 बजे महेंद्रगढ़, रात 02.50 बजे रेवाड़ी और सुबह 04.45 बजे दिल्ली होते हुए सुबह 08.50 बजे गोरखपुर पहुंचेगी. इसी तरह वापसी में ट्रेन नंबर 04830, प्रत्येक शुक्रवार की रात 11.25 बजे गोरखपुर से रवाना होकर वाया अयोध्या, लखनऊ, दिल्ली, रेवाड़ी, शाम को सवा 5 बजे महेंद्रगढ़, लोहारू, सादलपुर, चुरु, रतनगढ़, सुजानगढ से होते हुए रात ढाई बजे जोधपुर पहुंचेगी.
मिलेगी राहत
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कैप्टन शशि किरण ने बताया कि अक्टूबर महीने में यह ट्रेन 23 अक्टूबर को और नवंबर महीने में 6, 13, 20 व 27 तारीख को तथा दिसंबर महीने में 4, 11, 18 व 25 तारीख को गोरखपुर के लिए जाएगी. त्यौहारी सीजन पर इन स्पेशल ट्रेन के संचालन का यात्रियों को फायदा पहुंचेगा और उनके लिए घर की डगर आसान होगी.
