पिता की पुण्यतिथि पर सेना की वर्दी पहन बना लेफ्टिनेंट, हरियाणा के नितेश ने तीन साल बाद पूरा किया अधूरा सपना

महेंद्रगढ़ | हरियाणा के महेंद्रगढ़ के कनीना में एक भावुक कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां रहने वाले नितेश का चयन भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर हुआ है. 3 साल पहले 15 जुलाई 2022 को नितेश के पिता का देहांत हुआ था. अब उसी तारीख 15 जुलाई 2025 को नितेश ने सेना की वर्दी पहनकर अपने पिता के सपने को पूरा किया. इस मौके पर बाबा लाल गिरी कमेटी द्वारा नितेश को सम्मानित किया गया.

MPNews 2

सेना में मिली जगह

कनीना के वार्ड नंबर 10 निवासी नितेश के दादा देशराज बोहरा ने बताया कि नितेश की प्रारंभिक पढ़ाई गांव में ही हुई थी. छठी कक्षा से वह करनाल के कुंजपुरा में पढ़ाई के लिए गया. इसके बाद, वर्ष 2024 में नितेश का चयन सेना में हो गया और 15 जुलाई 2025 को उसका जॉइनिंग लेटर भी आ गया. यह वही दिन था जब 3 साल पहले उसके पिता ब्रह्म प्रकाश का देहांत हुआ था. उसी दिन लेफ्टिनेंट बनकर नितेश ने अपने पिता के सपने को साकार किया.

गांव का बढ़ाया मान

इस मौके पर पूर्व पार्षद मोहन सिंह ने जानकारी दी कि नितेश एक किसान परिवार से संबंध रखते हैं. उन्होंने यह उपलब्धि हासिल कर अपने गांव और क्षेत्र का नाम रोशन किया है. नितेश की बहन साक्षी जयपुर में बीएससी की पढ़ाई कर रही है और मां रमेश देवी दादरी जिले के चिड़िया गांव के एक स्कूल में गेस्ट लेक्चरर के रूप में कार्यरत हैं. नितेश ने इस सफलता का श्रेय अपनी मां, दादी और स्वर्गीय पिता ब्रह्म प्रकाश को दिया.

Avatar of Nisha Tanwar
Nisha Tanwar
View all posts