सोनीपत | हिमाचल प्रदेश, पंजाब सहित हरियाणा से दिल्ली के लिए सफर करने वाले लोगों के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है. एक साल से ज्यादा समय के बाद सोनीपत- दिल्ली के कुंडली बार्डर को खोल दिया गया है. इस बार्डर पर हाइवे की सभी लेन खुलने के बाद वाहन फर्राटा भरते हुए अपने सफर को पूरा कर रहे हैं. दोनों फ्लाईओवरों को पूरी तरह से खोल दिया गया है.
पूरी तरह से खोला गया हाइवे
बता दें कि पिछले एक साल से इस हाइवे की सिर्फ एक- एक लेन ही खुली थी जिससे रोजाना वाहन चालकों को खासी परेशानी झेलनी पड़ रही थी. पीक आवर्स के दौरान यहां मिनटों का सफर तय करने में लंबा समय बर्बाद हो रहा था लेकिन अब इस हाइवे को पूरी तरह से खोल दिया गया है.
कुंडली बार्डर पर हाइवे बंद होने से दुकानदार, कारोबारी और उद्योगपतियों के साथ-साथ दैनिक नौकरीपेशा करने वाले लोगों को भी खासी मुश्किलें झेलनी पड़ रही थी और लगातार हाइवे खोलने की मांग उठाई जा रही थी. ऐसे में शंभू बॉर्डर खोले जाने के बाद अब कुंडली बार्डर पर भी हाईवे को पूरी तरह से खोल दिया गया है.
किसान आंदोलन के चलते हुआ था बंद
बता दें कि किसानों के दिल्ली कूच के ऐलान के बाद कुंडली बार्डर पर पिछले एक साल से NH-44 पर कंक्रीट के बेरिकेट्स लगाकर बंद किया हुआ था. किसानों को रोकने के लिए दिल्ली फ्लाईओवर पर सीमेंट बैरिकेड्स, पत्थर व लोहे के अवरोधक लगाए गए थे. अब हाईवे पर फ्लाईओवरों की बंद पड़ी दोनों साइड की सड़कों के दोबारा खुलने से यात्रियों, व्यापारियों और स्थानीय निवासियों ने राहत की सांस ली है.
