नई दिल्ली | नई उमंग, असीम ऊर्जा और नई उम्मीदों के साथ साल, 2025 का आगाज हो चुका है. इस नए साल में कई विकास परियोजनाएं धरातल पर अमलीजामा पहनेंगी. जिससे न केवल दिल्ली- NCR बल्कि देश के लोगों को भी राहत मिलेगी. लोगों को सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था के और बेहतर विकल्प मिलेंगे. आइए यहां ऐसी कुल परियोजनाओं से रूबरू होते हैं.
हरियाणा में दौड़ेगी देश की पहली हाईड्रोजन ट्रेन
इस साल देश को पहली हाईड्रोजन ट्रेन की सौगात मिलेगी, जो जींद से सोनीपत के बीच 90 किलोमीटर की यात्रा पूरी करेगी. प्रदूषण रहित यह ट्रेन 140 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से सफर तय करेगी. करीब 10 कोच वाली इस ट्रेन के लिए जींद में 3000 किलो हाइड्रोजन स्टोर के लिए प्लांट बनाया गया है. मार्च तक इस ट्रेन का ट्रायल रन करवाया जाना प्रस्तावित बताया जा रहा है. फ्रांस, स्वीडन, जर्मनी और चीन के बाद भारत दुनिया का 5वां देश बनेगा जहां हाईड्रोजन ट्रेन संचालित होगी.
NCR को एक और इंटरनेशनल एयरपोर्ट की सौगात
UP के नोएडा स्थित जेवर एयरपोर्ट से इसी साल अप्रैल में हवाई उड़ान शुरू हो जाएगी. 1334 हेक्टेयर भूमि पर बनाए गए इस एयरपोर्ट से ज्यूरिख, सिंगापुर व दुबई की इंटरनेशनल फ्लाइट के अलावा 25 घरेलू उड़ान व दो कार्गो विमान सेवा मिलेंगी. कैट तीन से लैस नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्रतिकूल मौसम में भी यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही को सुनिश्चित करेगा. नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट विस्तार के सभी चरण पूरा होने के बाद छह रनवे के साथ देश का सबसे बड़ा एयरपोर्ट बनेगा.
द्वारका एक्सप्रेस-वे की सौगात
गुरुग्राम में खेड़कीदौला टोल प्लाजा के नजदीक से लेकर दिल्ली के महिपालपुर में शिवमूर्ति के सामने तक लगभग 9,000 करोड़ रुपये की लागत से देश का पहला अर्बन एक्सप्रेस-वे तैयार हो रहा है. इस एक्सप्रेसवे के गुरुग्राम वाले हिस्से पर वाहनों का आवागमन शुरू हो चुका है. वहीं, दिल्ली में भी सुरंग निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और इसी साल फरवरी महीने में इसे कभी भी शुरू किया जा सकता है.
फरीदाबाद- नोएडा का सफर 30 मिनट में
यमुना नदी पर मंझावली गांव के पास निर्माणाधीन पुल का काम 26 जनवरी तक पूरा हो जाएगा और इसके बाद इसे सार्वजनिक रूप से वाहनों के लिए खोल दिया जाएगा. अब तक नोएडा जाने के लिए दिल्ली के कालिंदी कुंज से होकर आवाजाही करनी पड़ती है लेकिन इस पुल के शुरू होने पर सीधे नोएडा आवाजाही कर सकेंगे. वहीं, फरीदाबाद से मात्र 30 मिनट में नोएडा पहुंच सकेंगे. शहर के लोगों को अतिरिक्त 30 किलोमीटर की दूरी तय करने से छुटकारा मिलेगा.
खुलेगा दिल्ली-सहारनपुर हाईवे के बागपत तक हिस्सा
दिल्ली-सहारनपुर हाईवे का अक्षरधाम मंदिर से बागपत ईपीई तक 32 किलोमीटर लंबे हिस्से पर नए साल से ट्रैफिक शुरू हो गया है. दिल्ली में इसके खुलने से गांधी नगर, खजूरी चौक के ट्रैफिक जाम से छुटकारा मिलेगा. बागपत ईपीई तक हाईवे पर कोई टोल नहीं लगेगा.
