नई दिल्ली | शिक्षा निदेशालय द्वारा राजधानी के स्कूलों का नए शैक्षणिक क्षेत्र 2025- 26 के लिए वार्षिक कैलेंडर जारी किया गया है, जिसमें दाखिले और छुट्टियों से संबंधित सभी जरूरी तिथियों की जानकारी दी गई है. इस कैलेंडर के अनुसार, नए शैक्षणिक क्षेत्र में विद्यार्थियों के लिए गर्मी की छुट्टियां 11 मई से शुरू होकर 30 जून तक रहेंगी. सभी शिक्षकों को 28 जून से अपने स्कूलों में वापस आना होगा.
दाखिला प्रक्रिया की तिथियां भी हुई तय
इसी प्रकार शरद ऋतु की छुट्टियां 29 सितंबर से शुरू होकर 1 अक्टूबर तक और सर्दियों की छुट्टियां 1 जनवरी से 15 जनवरी तक निर्धारित की गई है. छुट्टियों के दौरान स्कूलों में किसी भी प्रकार की गतिविधि संचालित नहीं की जाएगी और विद्यार्थियों को पूरी तरह अवकाश मिलेगा. इसके अलावा, शिक्षा निदेशालय ने जानकारी दी है कि छठी से नौंवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए 1 अप्रैल से 30 जून के बीच दाखिला प्रक्रिया शुरू की जाएगी. शिक्षा के अधिकार अधिनियम के तहत पूरे स्कूल स्तर पर छठी कक्षा के विद्यार्थियों के प्रवेश जारी रहेंगे.
सौगात से कम नहीं
दूसरी तरफ राजधानी में गर्मी का भीषण प्रकोप जारी है. ऐसी चिपचिपाती गर्मी में विद्यार्थी स्कूलों में जाने को मजबूर है. दोपहर के समय जब विद्यार्थियों की स्कूलों की छुट्टियां होती हैं, उस समय भयंकर गर्मी का आलम रहता है. ऐसे में यदि विद्यार्थियों को छुट्टियों के रूप में कुछ राहत मिलेगी, तो यह उनके लिए एक बड़ी सौगात से कम नहीं होगा.
