नई दिल्ली | श्री माता वैष्णो देवी यात्रा पर जाने की योजना बना रहे श्रद्धालुओं के लिए एक जरूरी खबर सामने आई है. बता दें कि श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने 14 सितंबर से प्रस्तावित मां वैष्णो देवी की यात्रा को एक बार फिर अगले आदेशों तक स्थगित कर दिया है. इसकी मुख्य वजह एकाएक बिगड़ा मौसम तथा भवन के साथ ही सभी रास्तों पर लगातार हो रही बारिश है.
श्रद्धालुओं के लिए बढ़ा इंतजार
श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने कल रात 8 बजे अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर यात्रा स्थगित करने की जानकारी साझा की है. जिसके बाद माता वैष्णोदेवी की यात्रा करने की तैयारियां कर रहे श्रद्धालुओं का अब फिर से मां वैष्णो देवी की यात्रा को लेकर इंतजार बढ़ गया है.
श्राइन बोर्ड के मुताबिक, आगामी सोमवार या फिर कुछ दिनों में मौसम में सुधार होता है तो बहुत जल्द मां वैष्णो देवी की यात्रा एक बार फिर सुचारू कर दी जाएगी. श्रद्धालुओं की सुरक्षा सबसे बड़ी प्राथमिकता रहती है. खराब मौसम में यात्रा शुरू करने पर हादसों की संभावना बढ़ जाती है. इसलिए यात्रा स्थगित करने का फैसला लिया गया है.
श्राइन बोर्ड की थी पूरी तैयारियां
श्राइन बोर्ड का कहना है कि मां वैष्णो देवी की यात्रा एक बार फिर सुचारू करने को लेकर सभी तरह की तैयारीयां श्राइन बोर्ड द्वारा कर ली गई है. मौसम एक बार फिर से रूकावट खड़ी कर रहा है. देर शाम को शुरू हुई बारिश मां वैष्णो देवी भवन परिसर के साथ ही सभी रास्तों तथा कटरा में भी जारी रही, जिसके बाद यात्रा स्थगित करने का फैसला लिया गया है.
