नई दिल्ली | पुरानी दिल्ली के दिल में बसे चांदनी चौक के पास का यह कैमरा बाजार इन दिनों खूब चर्चा में है. देश के नामी व्लॉगर और इनफ्लुएंसर्स का यहां रोज पहुंचते हैं. दुकानदारों के मुताबिक, अब तो हाल यह है कि हर दिन कोई ना कोई बड़ा कंटेंट क्रिएटर यहां कैमरे और उपकरण खरीदने आता है. कोई नया कैमरा लेता दिखता है तो कोई माइक, ट्राइपॉड या लाइटिंग इक्विपमेंट्स की डील कर रहा होता है.

यह मार्केट करीब 60 से 70 साल पुरानी मानी जाती है. इसे कूचा चौधरी या कैमरा मार्केट के नाम से जाना जाता है. यहां हर तरह के कैमरे मिल जाते हैं, चाहे नई तकनीक वाले प्रोफेशनल कैमरे हों या पुराने एंटीक मॉडल. कैमरे के साथ- साथ लेंस, बैटरियां, ट्राइपॉड, लाइट्स और दूसरी फोटोग्राफी इक्विपमेंट्स भी यहीं पर उपलब्ध हैं.
दुकानदारों का यह कहना
राजेश नाम के एक पुराने दुकानदार बताते हैं कि पिछले कुछ महीनों में व्लॉगरों की भीड़ काफी बढ़ गई है. अब तो रोज़ाना कई यूट्यूबर और सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर्स दुकान पर आते हैं. वहीं, मोहसिन नाम के दूसरे दुकानदार ने हंसते हुए कहा कि कल ही दो बड़े व्लॉगर कैमरे और नई लाइटिंग इक्विपमेंट लेने आए थे. अब तो लग रहा है, ये मार्केट इनफ्लुएंसर्स का अड्डा बन गई है.
दुकानदार बताते हैं कि यहां की सबसे बड़ी खासियत कीमतें हैं. बाकी जगहों की तुलना में यहां सामान 10 से 20 प्रतिशत तक सस्ता मिल जाता है. यही वजह है कि व्लॉगर यहां तक पहुंच जाते हैं. सिर्फ दिल्ली ही नहीं, बल्कि देशभर में कैमरा और उससे जुड़ी चीज़ों की सप्लाई भी यहीं से होती है. कैमरा एक्सेसरीज़ बेचने वाले कई बड़े होलसेलर भी इसी बाजार में हैं. कई दुकानों पर इंटरनेशनल ब्रांड्स के साथ- साथ भारतीय कंपनियों के भी अच्छे ऑप्शन मिल जाते हैं.