नई दिल्ली | चौतरफा महंगाई की मार झेल रहे आमजन के लिए जुलाई महीने की पहली सुबह राहत लेकर आई है. पेट्रोल- डीजल की आसमान छूती कीमतों को लेकर चिंतित लोगों को सिलेंडर पर राहत मिली है. अच्छी खबर यह है कि सरकारी तेल कंपनियों ने 19 किलोग्राम भारवर्ग वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में कटौती कर दी है. नई कीमतें आज से लागू हो गई है.

कमर्शियल सिलेंडर पर राहत
बता दें कि कमर्शियल गैस सिलेंडर 1 जुलाई से लगभग 180 रुपए सस्ता हो गया है. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की बात करें तो इसकी नई कीमत 2,930 रुपए हो गई है जबकि पहले यह 3,113.50 रुपए में मिलता था. वहीं, देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में कमर्शियल गैस सिलेंडर की नई कीमत 3067.50 रुपए से घटकर 2,885.50 रुपए रह गई है.
कमर्शियल गैस सिलेंडर की कोलकाता में नई कीमत 3,081.50 रुपए हो गई है जबकि पहले यह 3,255.50 रुपए का मिलता था. वहीं, चेन्नई में कमर्शियल गैस सिलेंडर 3,106 का हो गया है जबकि पहले इसकी कीमत 3,283 रुपए थी. 14 किलोग्राम भारवर्ग वाले घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतें स्थिर बनी हुई है. दिल्ली में इसकी कीमत 913 रुपए हैं.
क्या मिलेगा फायदा?
कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में कटौती से रेस्टोरेंट और होटलों- ढाबा मालिकों का खर्च घटेगा. ऐसे में चाय- काफी और भोजन करना सस्ता हो सकता है. शादियों की कैटरिंग भी सस्ती हो सकती है.