नई दिल्ली | चारधाम यात्रा (Chardham Yatra) पर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. कल यानि 2 मई को विश्व प्रसिद्ध तीर्थ स्थल बाबा केदारनाथ धाम के कपाट पूरे विधि-विधान से खोले जाएंगे. इस बार केदारनाथ मंदिर को विशेष रूप से सजाया गया है. ऋषिकेश और गुजरात से आई पुष्प समिति द्वारा मंदिर को 108 क्विंटल फूलों से भव्य रूप में सजाया गया है. रंग-बिरंगे फूलों की सुगंध जहां मन को मोह रही है तो वहीं, साथ ही मंदिर की खूबसूरती में चार-चांद लगा रही है.
हर प्रकार की व्यवस्थाएं सुनिश्चित
जिला प्रशासन द्वारा केदारनाथ मंदिर के कपाट खोलने के अवसर पर हर तरह की व्यवस्था सुनिश्चित की हैं. सिक्योरिटी, साफ-सफाई, परिवहन और स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त किया गया है ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की असुविधा न हो. मंदिर परिसर में पुलिसकर्मियों, आपदा राहत टीमें और मेडिकल स्टाफ की तैनाती की गई है.
वहीं, बाबा केदारनाथ मंदिर के कपाट खुलने की घड़ियां नजदीक आते ही देश-विदेश से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है. इस दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है और बाबा के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा हैं. स्थानीय व्यापारियों और तीर्थ पुरोहितों में भी उत्साह का माहौल है, क्योंकि यह समय आर्थिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण होता है.
विशेष रूप से सजाया मंदिर परिसर
इसी के साथ आज शाम बाबा केदारनाथ की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली भी केदारनाथ मंदिर पहुंच जायेगी. डोली के स्वागत के लिए मंदिर परिसर की विशेष सजावट की गई है. भक्ति संगीत के साथ समारोह का आयोजन किया जाएगा. डोली के पहुंचने के साथ ही केदारनाथ धाम में आध्यात्मिक ऊर्जा और भक्तिभाव चरम पर पहुंच जाएगा.
बाबा केदारनाथ के कपाटोद्घाटन के साथ ही आधिकारिक रूप से चारधाम यात्रा की शुरुआत हो जाएगी और आने वाले महीनों में लाखों श्रद्धालु केदारनाथ धाम की यात्रा करेंगे- जिला प्रशासन अधिकारी
