नई दिल्ली, PF News | देश के लगभग लाखों नौकरी पेशा करने वाले लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि अब कर्मचारियों को PF में जमा राशि को निकालने के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा, वे ATM कार्ड और UPI से आसानी से पैसा निकाल सकेंगे. यह सुविधा 1 अप्रैल से शुरू होने की संभावना है. इसके लिए संगठन निरंतर अपने सिस्टम को एडवांस बनाने की तैयारियां कर रहा है.
PF निकालना होगा आसान
पिछले वर्ष श्रम एवं रोजगार मंत्रालय ने सूचना दी थी कि कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) सदस्यों के लिए PF निकालने की सुविधा को आसान बनाया जाएगा. सदस्य बिना किसी लंबे इंतजार के PF की राशि को निकाल सकेंगे. उन्होंने बताया कि उनके लिए PF निकालने हेतु ATM कार्ड और UPI की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी ताकि इमरजेंसी की स्थिति में बिना किसी देरी के PF का पैसा निकाल सकें.
PF निकालने के लिए बनेगा अलग कार्ड
सूत्रों के मुताबिक, EPFO 3.0 के सभी मॉड्यूल का ट्रायल पूरा हो चुका है. अभी कोई विशेष परेशानी नजर नहीं आ रही है, लेकिन फिर भी EPFO यह सुनिश्चित करना चाहता है कि प्रयोग में आने के बाद इसमें किसी तरह की कोई समस्या ना हो. इसके लिए हर दृष्टिकोण से निरीक्षण कार्य किया जा रहा है. निरीक्षण कार्य के पूरा होने के बाद ही इसे अंतिम रूप दिया जाएगा. अंतिम रूप देने के बाद ही सदस्यों को PF निकालने के लिए विशेष कार्ड जारी किया जाएगा जिससे वे जमा धनराशि निकाल सकेंगे.
EPFO ने कुछ महीने पहले ही सदस्यों को PF की कुल जमा राशि में से 75% राशि निकालने की अनुमति प्रदान की है. ऐसे में ATM कार्ड और UPI की सुविधा उपलब्ध होने के सदस्य तुरंत पैसा निकाल सकेंगे.
