नई दिल्ली | राजस्थान के सीकर में स्थित विश्व विख्यात धार्मिक स्थल खाटूश्याम धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से खाटूश्याम मंदिर के लिए हेलीकॉप्टर सेवा शुरू हो गई है. स्यंदन एविएशन प्राइवेट लिमिटेड ने इस सेवा की शुरुआत की है. खाटूश्याम धाम के लिए हेलीकॉप्टर सेवा शुरू होने पर श्रद्धालुओं को सड़क के लंबे और उबाऊ सफर से छुटकारा मिलेगा और वो मात्र 6 घंटे में बाबा श्याम जी के दर्शन कर वापस लौट सकेंगे.
मात्र 6 घंटे में पूरा होगा सफर
कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर अभिनव सहाय ने बताया कि पहले दिन दो हेलीकॉप्टर श्याम श्रद्धालुओं को लेकर पहुंचे. ग्राम पंचायत जालूडं में स्थित हेलीपैड पर लैंडिंग हुई. इस सेवा का लाभ उठाने के लिए आपको एक सप्ताह पहले एडवांस बुकिंग करानी होगी. दिल्ली से यह सफर मात्र 6 घंटे में पूरा हो जाएगा. उन्होंने बताया कि यह सेवा आधुनिक मापदंडों के अनुसार सुरक्षित, आरामदायक और समय की बचत करने वाली होगी. खासतौर पर बुजुर्गो और वरिष्ठ नागरिकों समेत कई श्रद्धालुओं के लिए आरामदायक सफर की सौगात दी गई है.
VIP दर्शन की होगी सुविधा
डायरेक्टर अभिनव सहाय ने बताया कि एडवांस बुकिंग के लिए कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट syandanaviation.com पर विजीट करना होगा. दिल्ली से खाटूश्याम और सालासर बालाजी के लिए हैलिकॉप्टर सुविधा शुरू की गई है. इस यात्रा का शुल्क 95 हजार रुपए हैं. एक बार में 5- 7 श्रद्धालु हेलीकॉप्टर सेवा का लाभ उठा सकते हैं.
उन्होंने बताया कि 95 हजार रुपए टिकट शुल्क में श्रद्धालुओं को खाटूश्याम और सालासर बालाजी दोनों मंदिरों में भीड़- भाड़ वाली लाइनों से परे VIP दर्शन की सुविधा का लाभ मिलेगा. वापसी से पहले लंच में शाकाहारी भोजन की व्यवस्था रहेगी. खाटूश्यामजी पहुंचने पर होटल में कमरें उपलब्ध रहेंगे, जहां श्रद्धालु आराम से फ्रेश हो सकेंगे. वहीं, अलग कमरे की डिमांड पर अतिरिक्त शुल्क का भुगतान करना होगा.
