नई दिल्ली । बढ़ती महंगाई के इस दौर में आज लाखों केंद्रीय कर्मचारियों को मोदी सरकार की तरफ से बड़ी खुशखबरी मिली है. केंद्रीय कर्मचारियों के लिए आज का दिन बेहद ही खास रहा है क्योंकि लंबे समय से उनके महंगाई भत्ते पर लगी रोक को आखिरकार हटा दिया गया है.
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने आज प्रेस कांफ्रेंस में ऐलान किया कि केंद्र सरकार के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए महंगाई भत्ते (डीए) को 17% से बढ़ाकर 28% कर दिया गया है. यह 1 जुलाई 2021 से लागू होगा. सरकार के इस फैसले से 50 लाख से ज्यादा केंद्रीय कर्मचारियों और 61 लाख पेंशनर्स को फायदा होगा. इसके लिए सरकार लगभग 34,401 करोड़ रुपए खर्च करेगी. इसके साथ केंद्रीय कैबिनेट ने केंद्र सरकार के कर्मचारियों और पेंशधारकों के लिए डियरनेस अलाउंस (DA) और डियरनेस रिलीफ (DR) को 1 जुलाई 2021 से बहाल करने का फैसला किया है.
जानकारी के लिए बता दें कि अब तक केंद्र सरकार के कर्मचारियों को सातवें वेतन आयोग के मुताबिक 17 फीसदी महंगाई भत्ता मिलता था. कोरोना महामारी की वजह से केंद्र सरकार ने महंगाई भत्ते में बढ़ोत्तरी की तीन किस्त पर रोक लगा रखी थी. जनवरी 2020, जुलाई 2020, जनवरी 2021 और जुलाई 2021 का महंगाई भत्ता केंद्रीय कर्मचारियों को मिलना था जो केंद्र सरकार के आज लिए फैसले के बाद कर्मचारियों को मिलेगा. केंद्र सरकार के इस फैसले के बाद केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनधारियों के खुशी का ठिकाना नहीं है.
