नई दिल्ली | भारतीय रेलवे (Indian Railways) ने ऑनलाइन टिकट बुकिंग सिस्टम में एक और बड़ा बदलाव कर दिया है. रेल मंत्रालय ने घोषणा करते हुए कहा कि 1 अक्टूबर से तत्काल टिकट की तरह ही जनरल रिजर्वेशन टिकट की बुकिंग करते समय भी ई- आधार वेरिफिकेशन अनिवार्य होगा. रेल मंत्रालय ने एक अधिसूचना जारी कर इसकी जानकारी साझा की है.
आधार कार्ड वेरिफिकेशन अनिवार्य
रेल मंत्रालय द्वारा जारी अधिसूचना में बताया गया है कि IRCTC वेबसाइट या ऐप्लिकेशन पर जनरल रिजर्वेशन खुलने के पहले 15 मिनट टिकट बुक करने के लिए आधार वेरिफिकेशन जरूरी होगा. रेलवे के इस कदम से फर्जी आईडी, एजेंट्स की टिकटों की कालाबाजारी और बॉट्स की बुकिंग पर लगाम लगेगी.
यदि आपका IRCTC अकाउंट पहले से ही आधार कार्ड से लिंक हैं, तो टिकट बुकिंग करना आसान रहेगा. वेटिंग कम होगी और टिकट जल्दी कंफर्म होगी. रेलवे के कंम्प्यूटरीकृत PRS काउंटरों पर जनरल रिजर्वेशन टिकट बुक करने का पुराना शेड्यूल वही रहेगा. इसके साथ ही, रेलवे के अधिकृत टिकटिंग एजेंट्स के लिए पहले दिन टिकट बुकिंग पर 10 मिनट की पाबंदी भी बिना किसी बदलाव के जारी रहेगी.
फर्जीवाड़े पर लगेगा अंकुश
भारतीय रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि नए नियमों से टिकट बुकिंग का मौका सिर्फ असली यात्रियों को मिलेगा और फर्जीवाड़े पर अंकुश लगेगा. आधार कार्ड वेरिफिकेशन से ये सुनिश्चित होगा कि टिकट वही बुक कर रहा है, जिसका आधार कार्ड नंबर रजिस्टर्ड हैं. 1 अक्टूबर से पहले 15 मिनट तक एसी और नॉन एसी दोनों क्लास के लिए एजेंट्स को टिकट बुक करने की परमिशन नहीं होगी.
यदि आपका आधार कार्ड IRCTC अकाउंट से लिंक नहीं है, तो आप शुरूआती 15 मिनट में कंफर्म टिकट बुक नहीं कर पाएंगे. वहीं, रेलवे स्टेशन के टिकट काउंटर से टिकट बुकिंग पर आपको आधार कार्ड का नंबर देना होगा. काउंटर पर आपका आधार कार्ड वेरिफिकेशन ओटीपी के जरिए होगा, यानि आपका मोबाइल नंबर आधार कार्ड से लिंक होना चाहिए, ताकि ओटीपी आ सके.
