नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की लाइफलाइन मानी जाने वाली मेट्रो से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है. बता दें कि दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर यात्री किराए में मामूली बढ़ोतरी की जानकारी साझा की है. किराए की बढ़ी हुई दरें 25 अगस्त यानि आज से लागू हो गई है.
अधिकतम 5 रुपए तक की बढ़ोतरी
DMRC ने बताया है कि नए नियमों के तहत किराए में 1 से 4 रुपए तक की वृद्धि हुई है, जबकि एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर 5 रुपए तक किराया बढ़ाया गया है. यह संशोधन दूरी के आधार पर तय किया गया है और इसे मिनिमल इंक्रीज यानि मामूली बढ़ोतरी के रूप में लागू किया गया है.
किराए की नई दरों के हिसाब से अब 0-2 किलोमीटर का सफर तय करने पर 10 की जगह 11 रुपए किराया लगेगा. वहीं, 2- 5 किलोमीटर के लिए 20 की जगह 21 रुपए, 5- 12 किलोमीटर की यात्रा पर 30 की जगह 32 रुपए और 12- 21 किलोमीटर की दूरी तय करने पर 40 रुपए की जगह 43 रुपए किराया देना होगा. वहीं, 21- 32 किलोमीटर की यात्रा करने पर 50 की जगह 54 रुपए और 32 किलोमीटर से ज्यादा सफर करने पर 60 रुपए की जगह 64 रुपए का भुगतान करना होगा.
छुट्टी वाले दिन भी लागू होगा नया किराया
राष्ट्रीय अवकाश और रविवार को भी किराए की बढ़ी हुई दरें लागू रहेगी. 0- 2 किलोमीटर के लिए 11 रुपए, 2- 5 किलोमीटर पर 11 रुपए, 5-12 किलोमीटर की यात्रा पर 21 रुपए, 12- 21 किलोमीटर की यात्रा पर 32 रुपए, 21- 32 किलोमीटर की दूरी पर 43 रुपए और 32 किलोमीटर से ज्यादा दूरी तय करने पर 54 रुपए का भुगतान करना होगा.
दिल्ली मेट्रो का किराया बढ़ाए जाने पर आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने सवाल खड़े करते हुए बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है.
