दिल्ली मेट्रो में बनेगा 800 मीटर लंबा सबसे बड़ा सबवे, एयरपोर्ट पहुंचना होगा आसान

नई दिल्ली | राजधानी दिल्ली मेट्रो के फेज- 4 के तहत आरके आश्रम से इंद्रप्रस्थ के बीच बन रहे सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर पर शिवाजी स्टेडियम के पास नया मेट्रो स्टेशन बनाया जाएगा. यह स्टेशन एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन के मौजूदा शिवाजी स्टेडियम स्टेशन के साथ इंटरचेंज के रूप में काम करेगा. शिवाजी स्टेडियम और राजीव चौक मेट्रो स्टेशन के बीच करीब 800 मीटर लंबा सबवे बनाया जाएगा जो दिल्ली मेट्रो का सबसे लंबा सबवे होगा.

Metro Train

इस सबवे के बनने से यात्रियों को दोनों स्टेशनों के बीच आसानी से मेट्रो बदलने की सुविधा मिलेगी. वैशाली, आनंद विहार, लक्ष्मी नगर, नोएडा और पूर्वी दिल्ली के अन्य इलाकों से आने वाले यात्रियों के लिए आईजीआई एयरपोर्ट के टर्मिनल- 2 और टर्मिनल -3 तक पहुंचना पहले से कहीं ज्यादा आसान हो जाएगा.

एक्सप्रेस लाइन का स्टेशन

मौजूदा समय में शिवाजी स्टेडियम एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन का स्टेशन है लेकिन इसका सीधा संपर्क राजीव चौक स्टेशन से नहीं है. नए सबवे और इंटरचेंज की मदद से यह कमी दूर हो जाएगी और यात्रियों का सफर अधिक सुविधाजनक बनेगा. दिल्ली मेट्रो रेल निगम के अनुसार करीब 9.913 किलोमीटर लंबा आरके आश्रम- इंद्रप्रस्थ कॉरिडोर पूरी तरह भूमिगत होगा और इस पर कुल 9 मेट्रो स्टेशन बनाए जाएंगे. परियोजना को वर्ष 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. सभी स्टेशनों पर 6 कोच वाली मेट्रो ट्रेनों का संचालन किया जा सकेगा.

यह भी पढ़े -  लाल किले पर फुल ड्रेस रिहर्सल, दिल्ली में बदलेगा ट्रैफिक प्लान; इन रास्तों पर जाने से बचें

नहीं होगी पैदल चलने की जरूरत

सबवे में यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रैवलेटर भी लगाए जाएंगे जिससे लंबी दूरी पैदल तय करने की जरूरत नहीं पड़ेगी. यात्री आसानी से एक स्टेशन से दूसरे स्टेशन तक पहुंच सकेंगे. इससे खास तौर पर एयरपोर्ट जाने वाले लोगों का समय बचेगा. दिल्ली मेट्रो का मानना है कि सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर शुरू होने के बाद राजीव चौक स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ में भी कमी आएगी. अभी कश्मीरी गेट के बाद राजीव चौक दिल्ली मेट्रो का दूसरा सबसे व्यस्त स्टेशन है.

सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर पर शिवाजी स्टेडियम, युगे युगीन भारत, केंद्रीय सचिवालय, कर्तव्य भवन, इंडिया गेट, वॉर मेमोरियल, हाई कोर्ट, बड़ौदा हाउस, भारत मंडपम और इंद्रप्रस्थ सहित प्रमुख स्टेशन विकसित किए जाएंगे जिससे राजधानी के मध्य क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.