नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की लाइफलाइन मानी जाने वाली मेट्रो से जुड़ी एक अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि दिल्ली मेट्रो के विस्तार की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए सीएम रेखा गुप्ता ने दिल्ली मेट्रो रेल ट्रांजिट सिस्टम (MRTS) के पांचवें चरण के बचे हुए तीन कॉरिडोर के लिए अपने हिस्से का फंड जारी कर दिया है.
दिल्ली मेट्रो का विस्तार
दिल्ली मेट्रो विस्तार के पांचवें चरण के तहत इन तीनों कॉरिडोरों की कुल लंबाई 47.225 किलोमीटर रहेगी और इनके निर्माण पर 14630.80 करोड़ रुपए खर्च होंगे. इसमें से 3386.18 करोड़ रुपए की राशि दिल्ली सरकार वहन करेगी.
मुख्यमंत्री ने दी जानकारी
सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि लगभग साढ़े 8 किलोमीटर लंबा पहला कॉरिडोर लाजपत नगर से साकेत G ब्लॉक तक प्रस्तावित है, जिसमें 8 एलिवेटेड मेट्रो स्टेशन होंगे. दूसरा लगभग साढ़े 12 किलोमीटर लंबा कॉरिडोर इंद्रलोक से इंद्रप्रस्थ तक प्रस्तावित है. इस रूट पर एक एलिवेटेड और 9 अंडरग्राउंड स्टेशन होंगे. इस कॉरिडोर को लाजपत नगर- साकेत G ब्लॉक कॉरिडोर के साथ संयुक्त वित्तीय ढांचे में शामिल किया गया है.
उन्होंने बताया कि तीसरा और सबसे लंबा कॉरिडोर रिठाला से सोनीपत के कुंडली तक प्रस्तावित है. लगभग 26 किलोमीटर लंबे इस रूट पर कुल 21 स्टेशन होंगे और यह हरियाणा से कनेक्टिविटी प्रदान करेगा.
इन इलाकों तक मिलेगी मेट्रो की सुविधा
लाजपत नगर- साकेत G ब्लॉक कॉरिडोर पर मेट्रो लाजपत नगर, एंड्रूज गंज, जीके- 1, चिराग दिल्ली, पुष्प भवन, साकेत डिस्ट्रिक्ट सेंटर, पुष्प विहार इलाकों से होकर गुजरेगी.
इंद्रलोक- इंद्रप्रस्थ कॉरिडोर की मेट्रो इंद्रलोक, दयाबस्ती, सराय रोहिल्ला, अजमल खां पार्क, झंडेवालान, नबी करीम, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, दिल्ली गेट, दिल्ली सचिवालय- IG स्टेडियम जैसे इलाकों से होकर गुजरेगी.
हरियाणा तक आएगी मेट्रो
रिठाला- कुंडली कॉरिडोर की मेट्रो रिठाला, रोहिणी सेक्टर- 25, रोहिणी सेक्टर- 26, रोहिणी सेक्टर- 31, रोहिणी सेक्टर- 32, रोहिणी सेक्टर बरवाला, रोहिणी सेक्टर- 35, रोहिणी सेक्टर- 34, बवाना इंडस्ट्रियल एरिया (सेक्टर 3- 4), बवाना इंडस्ट्रियल एरिया(सेक्टर 1- 2), बवाना जे. जे. कॉलोनी, सनोठ, न्यू सनोठ, भोरगढ़ गांव, अनाज मंडी नरेला, नरेला डीडीए स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, नरेला, नरेला सेक्टर- 5, कुंडली, नाथुपुर से होकर गुजरेगी.
